मुजेहना के ककरी घाट नौडिहवा में बना डिप पुल। - संवाद
गोंडा। धानेपुर-दतौली मार्ग पर उज्जैली कला मार्ग पर बिसुही नदी में उफान के दौरान बारिश के दिनों में आवागमन बाधित नहीं होगा। इसके लिए नवडिहवा में पुुल का निर्माण किया जाएगा। इससे जहां आवागमन में सहूलियत होगी। वहीं, निर्माण के लिए कवायद शुरू की गई। इसके साथ ही पीडब्ल्यूडी की ओर के कटरा कुट्टी धाम तक भी रोड चौड़ीकरण किया जाएगा।
मेहनौन विधानसभा के नवडिहवा में बिसुही नदी पर पुल काफी नीचे होने के कारण बारिश के दिनों में करीब तीन महीने तक आवागमन प्रभावित रहता है। इतना ही नहीं, नाव के जरिए लोगों को नदी पार करना पड़ता है। ऐसे में यहां लंबे समय से पुल निर्माण की मांग की जा रही थी। प्रांतीय खंड के एक्सईएन प्रमोद कुमार त्रिपाठी ने बताया कि 5.50 करोड़ की लागत से तीन मीटर चौड़ा और 18 मीटर लंबा लघुसेतु का निर्माण किया जाएगा। शासन स्तर से स्वीकृति के बाद टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी गई। करीब 12 महीने में निर्माण कार्य पूरा हो जाएगी। आसपास के दर्जनभर गांव के लोगों को सहूलियत मिलेगी। बारिश के दिनों में आवागमन प्रभावित नहीं होगा। पुल निर्माण से उज्जैनीकला, नवडिहवा, सुखां पुरवा, पठानपुरवा, शिवपुरवा, भोरहा, बनकसिया और तिवारी पुरवा आदि गांवों के लोगों को सीधा फायदा होगा।
कुट्टी धाम तक 5.5 मीटर चौड़ा होगा मार्ग
मनकापुर विधानसभा के कटरा भोगचंद्र तिराहे से कटरा कुट्टी धाम तक 5.5 मीटर चौड़ा मार्ग का निर्माण किया जाएगा। अभी तक ये मार्ग तीन मीटर चौड़ा है। वहीं, मार्ग की हालत खराब है। निर्माणखंड-एक के एक्सईएन सुरेश राम ने बताया कि 1.75 मीटर मार्ग पर 3.06 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इससे जहां श्रद्धालुओं को प्राचीन हनुमान मंदिर तक आवागमन की सुविधा बेहतर होगी। आसपास के ग्रामीणों को भी सहूलियत मिलेगी।
घोघरा नाले पर भी बनेगा पुल
तरबगंज के धौरहराघाट में पक्की सड़क एवं खानपुर के मध्य घोघरा नाले पर भी 2.36 करोड़ रुपये की लागत से पुल बनाया जाएगा। इसके साथ ही पहुंच और अतिरिक्त पहुंच मार्ग का निर्माण किया जाएगा। इसकी के साथ ही पथार तिवारी बाजार व भैरमपुर के मध्य घोघरा नाल पर जर्जर आरसीसी सेतु के स्थान पर 1.59 करोड़ के सेतु निर्माण किया जाएगा। एक्सईएन सुरेश राम ने बताया कि सभी जरूरी तैयारी पूरी की गई। जल्द ही निर्माण कार्य शुरू होगा।