उतरौला (बलरामपुर)। फगुइया गांव में शनिवार को खसरे ने दो मासूमों की जान ले ली, जबकि गांव में ही छह अन्य बच्चे भी खसरे और तेज बुखार की चपेट में हैं। उधर, अन्य गांवों और क्षेत्रों में लोग उल्टी-दस्त तथा बुखार से पीड़ित हैं। फगुइया गांव के प्रधान के मुताबिक गांव में तेजी से खसरे का प्रकोप बढ़ रहा है। इससे लोगों में दहशत व्याप्त है।
फगुइया गांव निवासी नंदकुमार ने बताया कि उसके नौ माह के बेटे अंजनी की शनिवार को खसरे के कारण मौत हो गई है। इसी गांव के शिवमंगल के अनुसार उनकी एक वर्षीय बेटी राधा ने भी शनिवार को खसरे से पीड़ित होने के कारण दम तोड़ दिया। गांव में दुल्ला देवी (16) तथा राहुल (11) सहित छह अन्य बच्चे भी खसरे और तेज बुखार की चपेट में हैं। उधर, नगवा गांव निवासी अनूप गुप्ता (17), राजा जोत की अनीता देवी (29), उतरौला नगर के आर्यनगर निवासी सलमान (15) तथा गांधीनगर की अंकिता गुप्ता (11) भी उल्टी-दस्त तथा बुखार से पीड़ित हैं। सभी को सीएचसी उतरौला तथा अन्य प्राइवेट अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। फगुइया के प्रधान ज्ञानेन्द्र वर्मा, बीडीसी जयमंगल यादव, कल्लू, अजय वर्मा, रक्षाराम व जोखन आदि ने बताया कि गांव में खसरे का प्रकोप बढ़ रहा है।