हरैया सतघरवा (बलरामपुर)। शिवपुरा बाजार में शुक्रवार को अधिक लोड होने के कारण कम क्षमता का ट्रांसफार्मर विस्फोट के साथ जल गया। इससे ट्रांसफार्मर के निकट मौजूद दो लोग घायल हो गए। जिला अस्पताल ले जाते समय एक की मौत हो गई, जबकि दूसरे की हालत गंभीर बनी हुई है। पावर कारपोरेशन की लापरवाही पर बाजारवासियों ने प्रदर्शन कर संबंधित जेई के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई करने की मांग की है। एक्सईएन ने मामले की जांच कर कार्रवाई करने की बात कही है। शुक्रवार को दोपहर शिवपुरा बाजार में लगा 100 केवीए का ट्रांसफार्मर अचानक विस्फोट के साथ फट गया। इससे ट्रांसफार्मर के पास मौजूद शिवपुरा निवासी 45 वर्षीय इदरीश व ग्राम धामाचौरी के 65 वर्षीय रामप्यारे बुरी तरह से झुलस गए। दोनों लोगों को सीएचसी शिवपुरा में भर्ती कराया गया। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने दोनों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। अस्पताल ले जाते समय रास्ते में रामप्यारे की मौत हो गई, जबकि इदरीश की हालत गंभीर बनी हुई है। शिवपुरा बाजार के रहने वाले जयप्रकाश सोनी, रामजी पांडेय, मोनू जायसवाल, बद्री विशाल गुप्ता, अरुण शुक्ल, वाहिद अली, आदिल अली व शिवकुमार पाल ने बताया कि बाजार में करीब 250 केवीए क्षमता का कनेक्शन दिया गया है। विभाग ने यहां पर मात्र 100 केवीए का ट्रांसफार्मर ही लगा रखा था। कई बार ट्रांसफार्मर बदलने की मांग क्षेत्रीय जेई से की गई, लेकिन कोई ध्यान नहीं दिया। लापरवाही के कारण ही शुक्रवार को यह हादसा हुआ है। इन लोगों ने प्रदर्शन कर जेई संतोष पांडेय के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है। इन लोगों ने यह भी बताया कि घटना के बाद फोन करने पर क्षेत्रीय जेई ने मोबाइल ही बंद कर दिया।
कोट
जांच कर होगी कार्रवाई
शिवपुरा बाजार में ट्रांसफार्मर फटने की सूचना मिली है। घटना में एक व्यक्ति की मौत तथा एक के गंभीर होने की भी जानकारी मिली है। मामले की जांच कराकर घटना के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
एसके ओझा, एक्सईएन पावर कारपोरेशन