तुलसीपुर (बलरामपुर)। सपा विधायक मशहूद खां से 21 दिन पहले मांगी गई रंगदारी के मामले का पुलिस अब तक खुलासा नहीं कर सकी है। सिर्फ विधायक की सुरक्षा बढ़ाकर पुलिस ने अपनी जिम्मेदारी से इतिश्री कर ली। पुलिस सिर्फ जल्द खुलासे का दावा कर रही है। बता दें कि विधायक से 10 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी गई थी। साथ ही जान से मारने की धमकी भी दी गई थी।
तुलसीपुर से सपा विधायक मशहूद खां ने रविवार को बताया कि तीन नवंबर को दीपावली के दिन उन्हें एक गिफ्ट पैक मिला था। उसमें पत्र भी रखा था, जिसमें 10 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी गई थी। साथ ही रंगदारी न देने पर जान से मारने की धमकी भी दी गई थी। विधायक के अनुसार दो दिन बाद कई नंबरों से उनके मोबाइल पर मैसेज और कॉल भी आई। इसकी सूचना उन्होंने एसपी वीडी शुक्ल को दी। इस पर पुलिस ने विधायक की सुरक्षा बढ़ा दी और जांच के लिए टीमों का गठन कर दिया गया। लेकिन अभी मामले का खुलासा नहीं हुआ है।