बलरामपुर। एलपीजी किट में गैस के लीकेज से स्कूली वैन में आग लगने के मामले में यातायात प्रभारी ने विद्यालय प्रबंधक को शनिवार को नोटिस देकर जवाब मांगा है। उधर, विद्यालय प्रबंधक का दावा है कि उनके पास बलरामपुर में वैन के संचालन का परमिट है। ऐसे में प्रश्न यह उठता है कि एलपीजी भरवाने के लिए वैन को 170 किमी. दूर लखनऊ भेजा जाता है, क्योंकि बलरामपुर में इसकी रिफलिंग की कोई सुविधा नहीं है। वहीं, यातायात पुलिस प्रभारी ने बताया कि लखनऊ से एलपीजी किट के परमिट पर बलरामपुर में वैन का संचालन नहीं किया जा सकता। उन्होंने बताया कि अभी जांच की जा रही है।
बता दें कि शुक्रवार को नगर स्थित मुस्लिम मांटेसरी स्कूल की वैन छह बच्चों को कटराशंकर नगर गांव उनके घर छोड़ने जा रही थी। सुन्दरबाग के पास अचानक एलपीजी किट में गैस लीकेज से वैन में आग लग गई थी। हालांकि, चालक ने सूझबूझ से सभी बच्चों को बचा लिया था। पर वैन धू-धू कर जल गई थी। शनिवार को यातायात पुलिस प्रभारी जयनरायन यादव ने बताया कि मामले में स्कूल के प्रबंधक जीशान अहमद से एलपीजी किट से वैन के संचालन के संबंध में स्पष्टीकरण तलब किया गया है। जवाब मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि लखनऊ से एलपीजी किट के परमिट पर बलरामपुर में वैन का संचालन नहीं किया जा सकता। उन्होंने बताया कि मामले की अभी जांच की जा रही है। उधर, परिवहन विभाग के आरआई (टी) केएन सिंह ने बताया कि वैन लखनऊ से पंजीकृत है। वैन स्थानीय परिवहन कार्यालय से संबंधित नहीं है। मामले में और अधिक जानकारी जुटाई जा रही है।