गोंडा। अब लोगों को सिर्फ एक क्लिक पर ही अपने जिले से जुड़ी सारी जानकारी मिल सकेगी। कहीं से भी अपने जिले के पर्यटन स्थलों को कोई भी देख सकेगा। इसके लिए जिला पंचायत की वेबसाइट को नेशनल पंचायत पोर्टल (एनपीपी) से जोड़ा जाएगा। पंचायतीराज विभाग ने जिला पंचायत की वेबसाइट तैयार करने के साथ ही सूचनाएं दर्ज करने का कार्य शुरू कर दिया है। यह कार्य 30 नवंबर तक पूरा किया जाना है।
ई-पंचायत सेवा अंतर्गत जिला पंचायत की वेबसाइट पर जिले की भौगोलिक स्थिति के साथ पर्यटन स्थलों का ब्योरा, ऐतिहासिक स्थलों की फोटो अपलोड की जाएगी। वेबसाइट पर जनसंख्या, जन्मदर, मृत्युदर, जिला पंचायत के संसाधनों से होने वाली आय का ब्योरा उपलब्ध कराया जाएगा। जिला पंचायत की वेबसाइट लांच करने की कवायद शुरू कर दी गई है। जिला प्रबंधक को जिला पंचायत से जुड़ी सूचनाएं 30 नवंबर तक अपलोड कर वेबसाइट लांच करने का निर्देश शासन स्तर से जारी किया गया है। इससे लोगों को आवश्यक जानकारी आसानी से मिल सकेगी।