इटियाथोक/गोंडा। बाजार में बेचने के लिए ले जाया जा रहा कोटे का अनाज पुलिस ने बुधवार को पकड़ा। पुलिस ने एक ट्रक से 26 बोरा (15.60 क्विंटल) गेहूं और 15 बोरा (नौ क्विंटल) चावल बरामद किया है। साथ ही चालक समेत तीन लोगों को हिरासत में लिया गया है, जिनसे पूछताछ की जा रही है। आपूर्ति विभाग ने भी जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने एसडीएम सदर के जरिए डीएम को रिपोर्ट भेजी है। डीएम की अनुमति मिलते ही मामले में रिपोर्ट दर्ज की जाएगी। उधर, पूर्ति निरीक्षक का कहना है कि सेखुई गांव के कोटेदार से यह अनाज खरीदा गया है। हालांकि, कोटेदार ने आरोप को निराधार बताया है।
थानाध्यक्ष इटियाथोक वीरेंद्र प्रताप यादव ने बताया कि बुधवार सुबह उन्हें सूचना मिली थी कि एक ट्रक से कोटे का अनाज लेकर कुछ लोग बाजार में बेचने जा रहे हैं। इस पर इटियाथोक-धानेपुर मार्ग पर गनवरिया गांव के पास ट्रक को पकड़ गया। उसमें 26 बोरा (15.60 क्विंटल) गेहूं और 15 बोरा (नौ क्विंटल) चावल मिला। एसओ ने बताया कि चालक समेत तीन लोगों को हिरासत में लिया गया, जिनसे पूछताछ की जा रही है। पूर्ति निरीक्षक ओपी राना के मुताबिक अनाज सेखुई गांव के कोटेदार से खरीदा गया था। एसओ ने बताया कि एसडीएम सदर जेपी सिंह के जरिए डीएम को रिपोर्ट भेजी गई है। उनकी अनुमति मिलते ही रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।