गोंडा। अंबेडकरनगर में हिंदू नेता रामबाबू गुप्त की हत्या के विरोध में सोमवार को यहां जोरदार विरोध प्रदर्शन किया गया। बजरंग दल व विश्व हिंदू परिषद के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने सड़क पर उतरकर प्रदर्शन करते हुए लाल बहादुर शास्त्री महाविद्यालय चौराहे पर सपा सरकार व अंबेडकरनगर प्रशासन का पुतला फूंका। वहीं, हिंदू युवा वाहिनी के कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट परिसर में जुलूस निकालकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने हत्यारों की जल्द गिरफ्तारी और परिजनों को सुरक्षा मुहैया कराने की मांग की है। रामबाबू गुप्त की हत्या को लेकर सोमवार को विहिप कार्यालय पर शोकसभा का आयोजन किया गया। इसके बाद विहिप व बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने रामलीला मैदान से सपा सरकार व अंबेडकरनगर प्रशासन के विरोध में नारेबाजी करते हुए राम बाबू के हत्यारों को फांसी देने की मांग के साथ जुलूस निकालकर प्रदर्शन किया। लाल बहादुर शास्त्री महाविद्यालय चौराहे पर पहुंचे कार्यकर्ताओं ने सपा सरकार व अंबेडकरनगर प्रशासन का पुतला फूंका। कार्यकर्ताओं ने अंबेडकरनगर के डीएम व एसपी को बर्खास्त कर हत्यारों को शीघ्र पकड़ने की मांग की। ऐसा न होने पर जिले से लेकर तहसील स्तर पर आंदोलन करने की चेतावनी दी। इस अवसर पर विहिप जिला सेवा प्रमुख भरत गिरि, जिला संयोजक विनोद यादव, जिला सह सुरक्षा प्रमुख शशांक श्रीवास्तव, अजयराज, प्रकाश कुमार, अजय शर्मा, संदीप यादव, रतन कौशल आदि मौजूद थे। उधर, हिंदू युवा वाहिनी के जिलाध्यक्ष शारदाकांत पांडेय, रूद्र कुमार तिवारी, बब्बू शुक्ला, श्रवण सोनी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट में जुलूस निकालकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने रामबाबू की हत्या के सभी आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी करने व उनके परिजनों को 20 लाख रुपये मुआवजा तथा परिजनों को सुरक्षा मुहैया कराने की मांग से संबंधित ज्ञापन डीएम डॉ. रोशन जैकब को सौंपा। इस मौके पर शिवशंकर, रमेश गुप्ता, बब्बू दुबे, मिंटू चौधरी, पवन कश्यप, सुनील, विजय विक्रम सिंह, प्रकाश आर्य, गौरव सिंह, श्रीकांत पांडेय, मुन्ना आदि मौजूद रहे।