फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

संदिग्ध दशा में मृत मिली मास्टर की पत्नी व दो बच्चे

विज्ञापन
विज्ञापन
उतरौला (बलरामपुर)। संदिग्ध हालात में शिक्षक की पत्नी व उसके दो बच्चे बंद कमरे में मृत पाए गए। वहीं, गंभीर हालत में बेहोश प्रधानाध्यापक को गोंडा के निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया है। जहां उनकी हालत अब भी नाजुक बनी हुई है। पुलिस ने तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले की छानबीन की जा रही है। अनुमान लगाया जा रहा है िक उनकी मौत कमरे में जल रही कोयले की अंगीठी से िनकली जहरीली गैस से दम घुटने के कारण हुई है। उतरौला कोतवाली क्षेत्र स्थित प्राथमिक विद्यालय दुधरा में ग्राम नगवा खजौली थाना अगौता तहसील खुर्जा जनपद बुलंदशहर निवासी त्रिलोक सिंह प्रधानाध्यापक पद पर तैनात हैं। त्रिलोक सिंह बगल के गांव टिन्हिवा में किराए का मकान लेकर सपरिवार रहते हैं। सोमवार की सुबह त्रिलोक सिंह के घर का दरवाजा 9:30 बजे तक नहीं खुला। इस पर ग्राम प्रधान की मौजूदगी में ग्रामीणों ने अंदर से बंद मकान का दरवाजा खोलने का प्रयास किया, लेकिन दरवाजा नहीं खुला। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घर का दरवाजा तोड़ दिया। अंदर कमरे का मंजर देख लोग सहम गए। त्रिलोक सिंह की 30 वर्षीय पत्नी आभा सिंह अपनी पांच वर्षीय बच्ची अनुष्का को सीने से चिपकाए मर चुकी थी। त्रिलोक सिंह के सीने से चिपका ढाई वर्षीय पुत्र अस्मिक भी दम तोड़ चुका था। बिस्तर पर त्रिलोक सिंह बेहोश पड़े थे। हेड मास्टर को आनन-फानन में सीएचसी उतरौला लाया गया। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने प्रधानाध्यापक को गोंडा रेफर कर दिया है। जहां निजी नर्सिंग होम में त्रिलोक सिंह को आईसीयू में रखा गया है। उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है। मौके पर पहुंचे अपर पुलिस अधीक्षक मानिक चंद्र सरोज ने बताया कि त्रिलोक सिंह के घर में कोयले की अंगीठी मिली है। इससे यह लगता है कि परिवार के तीन सदस्यों की मौत कार्बन मोनो आक्साइड से दम घुटने के कारण हुई है। त्रिलोक सिंह के घर में मिले मोबाइल आदि को कब्जे में लेकर जांच की जा रही है। मृतक के घर भी सूचना भेज दी गई है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें