गोंडा। पट्टे की भूमि की पैमाइश के लिए पैसे मांगने पर लेखपाल को निलंबित कर दिया गया है। साथ ही जन शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही बरतने पर राजस्व निरीक्षक का स्थानांतरण करने का आदेश डीएम ने दिया है। मंगलवार को तरबगंज में तहसील दिवस के दौरान डीएम डॉ. रोशन जैकब ने चेतावनी दी कि जन शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों/कर्मचारियों को बख्शा नहीं जाएगा। इस दौरान विकासखंड नवाबगंज के महेशपुर गांव की सावित्री देवी तथा अन्य ने आरोप लगाया कि पट्टे की भूमि की पैमाइश के लिए लेखपाल अवधेश कुमार चौबे पैसे मांग कर रहे हैं। इस पर डीएम ने संबंधित लेखपाल को तत्काल निलंबित करने का आदेश दिया। वहीं, जनशिकायतों के निस्तारण में लापरवाही पर राजस्व निरीक्षक अयोध्या प्रसाद को हटाने का भी आदेश दिया। डीएम ने सभी विभागों के अफसरों को तहसील दिवस के दौरान अपने-अपने विभागों से संबंधित योजनाओं/कार्यक्रमों की प्रदर्शनी लगाने का आदेश दिया। इस दौरान कुल 85 शिकायतें आईं, जिसमें से 5 का मौके पर निस्तारण हुआ। इस मौके पर एसपी नवनीत कुमार राणा, सीडीओ एमएल पांडेय, डीडीओ हीरा सिंह सहित अन्य मौजूद रहे। वहीं, करनैलगंज में जन शिकायतों की सुनवाई एसडीएम अयोध्या प्रसाद ने की। यहां 71 शिकायतें आईं, इनमें से 4 का मौके पर निस्तारण हुआ। यहां तहसीलदार राजेश कुमार जायसवाल सहित अन्य मौजूद रहे। मनकापुर में तहसील दिवस की अध्यक्षता एसडीएम इन्द्रभूषण वर्मा व संचालन तहसीलदार आरबी सिंह ने किया। यहां 41 शिकायतें आईं, जिसमें से 2 का निस्तारण हुआ। सदर में तहसील दिवस की अध्यक्षता सीआरओ उदयशंकर उपाध्याय ने की। यहां 101 शिकायतें आईं। जिसमें से 2 का ही निस्तारण हुआ। इस मौके पर नगर मजिस्ट्रेट अंजनी कुमार सिंह, तहसीलदार आनन्द श्रीनेत सहित अन्य मौजूद रहे। वहीं, सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र नवाबगंज में एक चैनल के स्टिंग आपरेशन में पैसा लेकर गलत मेडिकल बनाने के मामले में डीएम ने जांच के आदेश दिए हैं। जिला चिकित्सालय के सीएमएस डॉ. रूपचन्द्रा ने बताया कि संबंधित मामले की रिपोर्ट अफसरों को भेज दी गई है।