बलरामपुर। महंत के लड़के ने मामूली विवाद में एक युवक को तमंचे से गोली मार दी। घायल युवक को गंभीर अवस्था में गोंडा रेफर किया गया है। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मामले की छानबीन की जा रही है। नगर कोतवाली क्षेत्र के बिजलीपुर बाजार में बिजलेश्वरी देवी का मंदिर है। मंदिर के महंत कृपाल भारती हैं। सोमवार की देर शाम करीब सात बजे कृपाल भारती के पुत्र शिशु भारती से स्थानीय निवासी 22 वर्षीय राजेश कुमार पासवान से विवाद हो गया। दोनों पक्षों के लोग देखते ही देखते आमने-सामने हो गये। इसी बीच शिशु भारती ने तमंचे से फायरिंग कर दी। गोली राजेश कुमार के सीने को पार करते हुए निकल गई। गोली लगते ही मौके पर भगदड़ मच गई। घायल राजेश पासवान को जिला चिकित्सालय लाया गया। जहां राजेश की हालत गंभीर देख कर डॉक्टरों ने उसे गोंडा रेफर कर दिया। बताया जा रहा है कि सारा मामला किशोराें के बीच का है। पुलिस ने घटना में शिशु भारती का साथ दे रहे हर्षित तिवारी तथा अमित जायसवाल को हिरासत में ले लिया है। इन दोनों के कब्जे से तमंचा भी बरामद कर लिया गया है। समाचार लिखे जाने तक घटना के कारणों का पता नहीं चल सका है। बलरामपुर नगर कोतवाल परमहंस यादव ने बताया कि मामले की छानबीन की जा रही है। घायल युवक के बड़े भाई भगवती पासवान ने शिशु, हर्षित व अमित के खिलाफ तहरीर दी है। दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।