वजीरगंज। आंगन की दीवार फांदकर घर में घुसे चोरों में से एक को ग्रामीणों ने पकड़ लिया और उसकी जमकर पिटाई की। चोर को जिला चिकित्सालय लाया गया, जहां उसने दम तोड़ दिया। वहीं, चोर के अन्य तीन साथी घर से एक लाख रुपये के जेवर और कपड़े लेकर फरार हो गए। इस मामले में थाना वजीरगंज में खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। वजीरगंज थाना क्षेत्र के नगवा गांव के मजरे खास निवासी स्वामीनाथ तिवारी ने बताया कि शनिवार रात उनके घर में आंगन की दीवार फांदकर चोर घुस आए। जब उनकी नींद खुली तो देखा कि आंगन में दो लोग खड़े थे, जबकि और दो लोग कमरे में थे, यह देखकर शोर मचाया तो गांव वाले दौड़ पड़े और भाग रहे चोरों में से एक को पकड़ लिया। चोर के तीन अन्य साथी स्वामीनाथ के घर से एक लाख रुपये के जेवर और कपड़े लेकर फरार हो गए। पकड़े गए चोर की गांव वालों ने जमकर पिटाई की। उसे रविवार सुबह जिला चिकित्सालय लाया गया, जहां उसने दम तोड़ दिया। स्वामीनाथ ने थाना वजीरगंज में रिपोर्ट दर्ज कराई है।