रुपईडीह (गोंडा)। टूटे पड़े हाईटेंशन लाइन के तार की चपेट में आने से तीन मवेशियों की मौत हो गई, जबकि इस बीच तार की स्पार्किंग से लगी आग के चलते दो किसानों की 5-5 बीघे गन्ने की फसल राख हो गई। बिजली विभाग के अवर अभियंता ने तार टूटने की मुख्य वजह डिस्क इंसुलेटर का पंचर होना बताया है।
शनिवार दोपहर बसंतपुर राजा गांव के मजरे रोहिणीबाबापुरवा में हाईटेंशन लाइन का एक तार टूट कर नीचे गिर पड़ा था। वहां से कुछ दूरी पर प्रहलाद की 2 गायें व राघवराम का एक बैल खेत में चर रहा था। तीनों मवेशी टूटे तार के पास पहुंच गए और उसकी चपेट में आने से तीनों की मौत हो गई। इस बीच तार की स्पार्किंग से लगी आग से ढ़ोढ़े व लल्लू वर्मा की 5-5 बीघे गन्ने की फसल भी जल गई। हल्का लेखपाल जयप्रकाश वर्मा ने क्षति का आकलन किया। बिजली विभाग के अवर अभियंता एसपी त्रिपाठी ने बताया कि खंभे के क्रासआर्म में लगे इंसुलेटर के पंचर होने की वजह से तार टूटा। उन्होंने पीड़ितों को मदद का भरोसा दिलाया है। एक हफ्ता पहले ही पंडरीकृपाल गांव के पास हाईटेंशन लाइन का तार टूटकर गिरने से दंपती समेत उसके बेटे की मौत हो गई थी, फिर भी महकमा एचटी लाइनों के मेंटेनेंस को लेकर भी चिंतित नहीं है।