मोतीगंज (गोंडा)। तीन दिन पहले खेलते समय अचानक लापता हुए बालक का शव सोमवार को गांव के ही तालाब में उतराता हुआ पाया गया। बालक के पिता की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
बताया जाता है कि मोतीगंज थाना क्षेत्र के मूसापुर गांव निवासी बेकारू का छह वर्षीय पुत्र छोटू 26 अक्तूबर की दोपहर घर के सामने बगीचे में गांव के ही अन्य बच्चों के साथ खेल रहा था। खेलने के बाद सभी बच्चे अपने घर में आ गए, मगर छोटू घर नहीं पहुंचा। परिजनों ने उसकी तलाश की, मगर उसका कहीं पता नहीं चल सका। दो दिनों की तलाश के बाद जब छोटू का पता नहीं चला तो उसके पिता बेकारू ने थाना मोतीगंज में रविवार को गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। सोमवार की सुबह बेकारु गांव में ही बालक की खोजबीन में निकला था। तभी उसे तालाब में छोटू का शव उतराता मिला।