गोंडा। जिले के उच्चीकृत कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों में शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए सोमवार को प्रधानाचार्य समेत पांच पदों के लिए 96 अभ्यर्थियों ने साक्षात्कार व टाइपिंग टेस्ट दिया।
विकास भवन सभागार में सोमवार को चयन समिति की अध्यक्ष/सीडीओ अंकिता जैन के साथ डीआईओएस डॉ. रामचंद्र, डायट प्राचार्य रामसागर पति त्रिपाठी, बीएसए अतुल तिवारी, मनोविज्ञान के प्रवक्ता संजय बाबू गौतम व एसडीएम जितेंद्र कुमार ने आवेदकों का साक्षात्कार लिया। बालिका शिक्षा की जिला समन्वयक रक्क्षंदा सिंह ने बताया कि विभिन्न पदों के लिए 161 आवेदन आए थे। इनमें प्रधानाचार्य के लिए नौ, लैब टेक्नीशियन के लिए 14, कार्यालय अधीक्षक के लिए 24, चपरासी के लिए 26, चौकीदार के लिए 12 तथा सहायक रसोइया के लिए 11 आवेदकों सहित कुल 96 लोग ही पहुंचे, जिनका साक्षात्कार व टेस्ट हुआ। समिति की ओर से जल्द ही चयनित अभ्यर्थियों की सूची जारी की जाएगी।
जिला समन्वयक ने बताया कि जिले में कुल 17 कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय संचालित हैं। इनमें से बभनजोत, हलधरमऊ, वजीरगंज, कटरा बाजार और झंझरी ब्लॉक के विद्यालय को हाल ही में उच्चीकृत कर इंटरमीडिएट स्तर तक किया गया है। विभाग का उद्देश्य है कि अब इन विद्यालयों में बालिकाओं को उच्च माध्यमिक शिक्षा के साथ-साथ विज्ञान, कंप्यूटर और खेलकूद की भी बेहतर सुविधाएं मिल सकें।