पीसीएस परीक्षा में सफल होकर युवाओं ने बढ़ाया मान
गोंडा। पीसीएस परीक्षा वर्ष 2016 के परिणाम में जिले के युवाओं की सफलता से लोग गदगद हैं। युवाओं ने जिले का मान बढ़ाया है।
नवाबगंज क्षेत्र के लौव्वावीरपुर गांव के किसान देवेन्द्र प्रसाद तिवारी के बेटे सत्येंद्र ने पिता के सपने को साकार करते हुए डिप्टी एसपी की परीक्षा उत्तीर्ण की है।
पीसीएस परीक्षा मे सत्येंद्र भूषण तिवारी ने पूरे प्रदेश मे नौवां स्थान प्राप्त किया है। सत्येंद्र ने इससे पहले मार्केटिंग इंस्पेक्टर और समीक्षा अधिकारी की वर्ष 2013 में हुई परीक्षा में सफलता हासिल की थी।
इस समय प्रयागराज में कार्यरत है। सफलता के बाबत सत्येंद्र भूषण ने बताया कि हमारे माता-पिता का सपना है कि मैं जिलाधिकारी बनूं।
वहीं विकास खंड छपिया क्षेत्र के मंडप गांव निवासी गणेश प्रताप नरायण सिंह का चयन यूपीपीसीएस 2016 मे जिला लेखाधिकारी के पद पर चयन हुआ है।
26 वर्षीय गणेश प्रताप नारायण सिंह की प्रारंभिक शिक्षा गांव के ही आरपी किसान इंटर कालेज मंडप मे हुई। हाईस्कूल की पढ़ाई संत पथिक विद्यालय पशुपति नगर बहराइच में वर्ष 2007 तथा इंटरमीडिएट वर्ष 2009 मे महराजा इंटर कालेज अयोध्या से उत्तीर्ण किया था।
गणेश प्रताप नारायण सिंह ने 2012 मे प्रयागराज से स्नातक तथा 2014 मे अवध विश्वविद्यालय से परास्नातक किया। वो वर्ष 2014 से दिल्ली मे रहकर सिविल की तैयारी कर रहे थे।
वजीरगंज क्षेत्र के भटपुरवा निवासी सुरेश कुमार पाल का चयन असिस्टेंट कमिश्नर कामर्शियल टैक्स के पद पर हुआ है। सुरेश ने प्राथमिक शिक्षा प्राथमिकविद्यालय भटपुरवा तथा इंटरमीडिएट की शिक्षा महाराजा इंटर कालेज अयोध्या से प्राप्त की।
इसी दौरान इनका चयन शिक्षामित्र पद पर हुआ। एक वर्ष कार्य करने के पश्चात उच्च शिक्षा के लिए इलाहाबाद चले गए। जहां स्नातकोत्तर तक शिक्षा इलाहाबाद विश्वविद्यालय से प्राप्त किया।
सुरेश वर्तमान में जवाहर नवोदय विद्यालय भरतपुर राजस्थान में प्रवक्ता पद कर कार्यरत हैं। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय अपने बड़े भाई राम मूर्ति पाल एडवोकेट को दिया है।