ड्राइवर की सूझबूझ से बची बरौनी एक्सप्रेस
बिना समपार बंद किए रवाना कर दी ट्रेन
अमर उजाला ब्यूरो
गोंडा। बरौनी-लखनऊ एक्सप्रेस रविवार की सुबह 10 बजे गोंडा रेलवे स्टेशन से लखनऊ के लिए रवाना हुई। इस ट्रैक पर पडने वाले गोंडा-बहराइच मार्ग के मिश्रौलिया रेलवे क्रॉसिंग का समपार फाटक खुला था। मगर ट्रेन गोंडा रेलवे स्टेशन से दो किलोमीटर दूर ही पहुंची थी तभी ड्राइवर की नजर समपार फाटक पर पड़ी तो उसने पहले ही ट्रेन रोक दी। जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। मंडल रेल प्रबन्धक आलोक सिंह ने मामले में जांच के आदेश दिए हैं।
बरौनी से लखनऊ जाने वाली 15203 बरौनी एक्सप्रेस ट्रेन रविवार की सुबह दस बजे गोंडा स्टेशन से गोंडा कचेहरी रेलवे स्टेशन की ओर रवाना हुई थी। ट्रेन गोंडा रेलवे स्टेशन से मात्र 2 किलोमीटर की दूरी पर गोंडा-बहराइच मार्ग पर स्थित मिश्रौलिया समपार फाटक स्पेशल गेट संख्या 262 से गुजरने वाली थी इससे पहले ही ट्रेन के ड्राइवर महादेव कि नजर मिश्रौलिया गेट पर पड़ी तो वह दंग रह गया। गेट खुला था और चौपहिया, दोपहिया वाहन समेत लोग क्रासिंग पार कर रहे थे।
ड्राइवर महादेव ने सूझबूझ से काम लेते हुए ट्रेन को दो किलोमीटर पर रोक दिया। इससे एक बड़ा हादसा होते-होते बच गया। बाद में गेट के बंद होने पर बरौनी-लखनऊ एक्सप्रेस ट्रेन आगे के लिए रवाना हुई। मंडल रेल प्रबंधक आलोक सिंह ने मामले में जांच के आदेश किए हैं। उन्होंने जाँच के लिए तीन सदस्यीय टीम बनाई है।