जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वाधान में रविवार को दीवानी न्यायालय परिसर में मेगा लोक अदालत आयोजित हुई। जिसमें विभिन्न न्यायालयों द्वारा 842 वादों का निस्तारण सुहल-समझौते के आधार पर किया गया।
मेगा लोक अदालत की अध्यक्षता कर रहे जनपद न्यायाधीश कृष्ण सिंह ने फौजदारी का एक तथा मोटर दुर्घटना प्रतिकर का दो वाद निस्तारित करते हुए 6 लाख 40 हजार रुपये का प्रतिकर प्रमाण पत्र जारी किया।
प्रधान न्यायाधीश परिवार रामचंद्र ने भरण-पोषण के 45 तथा वैवाहिक के सात वादों का निस्तारण किया। अपर जिला जज सुनील कुमार ने अंतिम आख्या का एक वाद निस्तारित किया। मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट बलरामपुर सुरेन्द्र कुमार सिंह ने फौजदारी के 270 वादों का निस्तारण करते हुए 51 हजार 600 रुपये, सिविल जज प्रवर खंड प्रमेन्द्र कुमार ने फौजदारी के छह वादों का निस्तारण कर 120 रुपये, सिविल जज अवर खंड बलरामपुर रवि कुमार गुप्ता ने फौजदारी के 6 वादों का निस्तारण कर 120 रुपये, सिविल जज अवर खंड उतरौला प्रदीप सिंह ने फौजदारी के 93 वादों का निस्तारण कर 17 हजार 330 रुपये अर्थदंड जमा कराया।
वहीं न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम बलरामपुर हेमंत कुमार कुशवाहा ने 20 वादों का निस्तारण करके 2680 रुपये, अपर सिविल जज जूनियर डिविजन प्रथम बलरामपुर मयंक त्रिपाठी ने फौजदारी के 41 वादों का निस्तारण करके 990 रुपये अर्थदंड जमा कराया।
न्यायिक मजिस्ट्रेट द्वितीय बलरामपुर बबिता पाठक ने फौजदारी के 34 वादों का निस्तारण करते हुए 7 हजार 80 रुपये का अर्थदंड वसूल किया। नगर पालिका परिषद उतरौला द्वारा दो वादों का निस्तारण किया गया। इसके अतिरिक्त तहसील विधिक सेवा समिति तुलसीपुर द्वारा 265 तथा तहसील विधिक सेवा समिति उतरौला द्वारा 47 वादों का निस्तारण किया गया।