बेलसर के 30 ग्राम पंचायतों में शौचालय का पैसा डंप
गोंडा। विकास खंड बेलसर में स्वच्छ भारत मिशन के तहत शौचालय बनवाने का काम काफी खराब चल रहा है। इस विकास खंड के 30 ग्राम पंचायतों में शौचालय निर्माण के मद में मिला धन डंप पड़ा है।
शौचालय के निर्माण कार्य न होने से डीपीआरओ ने ब्लाक के नौ ग्राम पंचायत अधिकारियों को नोटिस जारी कर विभागीय कार्रवाई कराने की चेतावनी दी है।
स्वच्छ भारत मिशन के तहत ग्राम पंचायतों को खुले में शौच मुक्त करने के उद्देश्य से शौचालय का निर्माण कराया जा रहा है। भारत सरकार की ओर से स्वच्छ भारत मिशन के तहत स्वच्छता के प्रति लोगों को जागरूक करने के नाम पर कई करोड़ रुपये खर्च किया जा रहा है।
प्रति परिवार को शौचालय निर्माण कराने के लिए 12000 रुपये प्रोत्साहन राशि के रूप में दिया जा रहा है। ग्राम प्रधान व ग्राम पंचायत अधिकारियों की मनमानी से गांव के लोगों को योजना का लाभ नही मिल पा रहा है।
जिले के बेलसर के 30 ग्राम पंचायतों में शौचालय निर्माण कार्य की स्थिति बेहद खराब पायी गई है। इस मामले में जिला पंचायत राज अधिकारी घनश्याम सागर ने ब्लाक के ग्राम पंचायत गोपीपुर,बरसड़ा व खमरौनी के ग्राम पंचायत अधिकारी रूचि शुक्ला, ठड़क्की पट्टी, सिधौरी, जवाहर नगर व बेलसर के ग्राम पंचायत अधिकारी अमित पटेल, बकियापुर, परसदा व गंगेर के संजय कुमार, गंगरौली, डिडसियाकला अनिरूद्ध यादव, उदवत नगर, चीरेबसना व दुर्जनपुर के कृष्णपाल सिंह यादव, पकड़ी, ताराडीह व नियावा के दिग्विजय यादव, अकौनी, डिक्सिर, जफरापुर व सेमरीकला के प्रदीप जायसिल, ग्राम धनईपट्टी, मुजेड़ व भरवा टेपरा के राजेन्द्र कुमार को नोटिस जारी की है।
डीपीआरओ ने नोटिस में चेतावनी दी है कि जितनी धनराशि भेजी गई उसके सापेक्ष शौचालय निर्माण के फोटो अपलोड नही किये गये। ग्राम पंचायत में धनराशि डम्प पड़ी है। यह विभागीय लापरवाही व शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता और सामाजिक हित की योजना में उदासीनता है। उन्होंने चेतावनी दी है कि कार्य पूरा कर तीन दिन में स्पष्टीकरण दें नही तो विभागीय कार्रवाई की संस्तुती कर दी जाएगी।