स्कूल से लापता दो बच्चों के शव तालाब में मिले
मसकनवां गोंडा। घर से स्कूल गए दो मासूम बच्चे सोमवार की दोपहर लापता हो गए। परिवार के लोगों के साथ ग्रामीणों ने बच्चों की तलाश की तो उनका शव बैजलपुर प्राथमिक विद्यालय के समीप स्थित एक तालाब में मिला।
थाना छपिया क्षेत्र के बैजलपुर गांव के रहने वाले तिरपन का बेटा अर्जुन (8) और इसी गांव के रहने वाले मुरली का बेटा सुरेन्द्र (6) गंाव के प्राथमिक विद्यालय के छात्र है। अर्जुन तीसरी में तो सुरेन्द्र दूसरी कक्षा के छात्र थे।
दोनों सोमवार की सुबह घर से स्कूल गए थे। मगर दोनों दोपहर बाद तक घर वापस नहीं लौटे। बच्चों के लापता होने पर परिवार के लोगों के साथ ही ग्रामीणों ने उनकी तलाश की तो प्राथमिक विद्यालय बैजलपुर के पास एक तालाब में दोनों बच्चों का शव मिला।
ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थाना छपिया के उपनिरीक्षक नीरज सिंह ने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा।