ग्राम पंचायतों में एक साथ शुरू होंगे पक्के कार्य
सीसी रोड व नाली निर्माण के लिए बना खाका
अमर उजाला ब्यूरो
गोंडा। सभी ग्राम पंचायतों में अब 24 अगस्त से एक साथ दो-दो पक्के कार्य शुरू कराए जाएंगे। ग्राम पंचायतों के विकास में इस बार पंचायतों के 14वें वित्त आयोग से मिले बजट से सीसी रोड व नाली का निर्माण कराया जाएगा। सभी ग्राम पंचायतों में एक साथ विकास कार्य शुरू होना है इसके लिए विभाग व पंचायतों की ओर से खाका तैयार किया गया है।
ग्राम पंचायतों में रास्ते के लिए पक्का सीसी रोड व जल निकासी के लिए नाली का न होना बड़ी समस्या बनी हुई है। अभी अधिकतर गांव ऐसे हैं जहां लोगों के चलने के लिए सही रास्ते नही हैं। रास्ते कच्चे व कीचड़य़ुक्त होने से लोगों को बारिश के दिनों में काफी दिक्कत उठानी पड़ती है। इसके अलावा नाली की व्यवस्था न होने से गांव के गंदे पानी के भरे रहने से लोगों को जलभराव कीचड के साथ कई अन्य समस्याओं को झेलना पड़ता है। गांवों में पक्की रोड व नाली जैसे बुनियादी सुविधाओं से महरूम होने से उनके दूसरे कई विकास भी नही हो पाते हैं। सड़क नाली न होने से सरकार की ओर से संचालित स्वच्छता कार्यक्रम को भी झटका लग रहा है। शासन के निर्देश पर जिला प्रशासन ने अब गांवों में अभियान चलाकर दो दो पक्के कार्य कराने का निर्णय लिया है। सड़क व नाली निर्माण हो जाने से जहां गांव के लोगों को सुविधा होगी वहीं स्वच्छता का माहौल भी बनेगा। जिले भर के ग्राम पंचायतों में कराए जाने वाले विकास कार्यों की निगरानी मुख्य विकास अधिकारी के निर्देशन में जिला पंचायत राज विभाग करेगा। इस बावत मुख्य विकास अधिकारी दिव्या मित्तल ने बताया कि जिले भर के ग्राम पंचायतों में एक साथ पक्के कार्य कराए जाएंगे। पक्के कार्य में सीसी रोड व नाली का निर्माण कराया जाना है। विभाग व पंचायतों को खाका तैयार करने को कहा गया है।