टेढ़ी नदी में उतराता मिला अधेड़ का शव
नवाबगंज के गोकुला गांव का रहने वाला था मृतक
अमर उजाला ब्यूरो
नवाबगंज। नवाबगंज थाना क्षेत्र के गोकुला गांव के बाहर बुधवार सुबह गांव के ही रहने वाले एक अधेड़ का शव टेढ़ी नदी में उतराता मिला। बताया जाता है कि मृतक दो दिन पहले लापता हो गया था। शव मिलने से गांव में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पु़लिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
नवाबगंज थाना क्षेत्र के गोकुला गांव के रहने वाले वासुदेव (57) सोमवार की सुबह अपने घर से निकले थे लेकिन वापस घर नहीं लौटे थे। बुधवार की सुबह गांव के कुछ लोग शौच के लिए टेढ़ी नदी के भदरहा नाले की तरफ गए थे। वहां नाले में उन्हे एक शव उतराता हुआ दिखाई दिया। नजदीक जाने पर शव की पहचान वासुदेव के रूप में हुई। ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। नाले में शव मिलने की सूचना से गांव में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पु़लिस ने वासुदेव के शव को नाले से बाहर निकलवाया और उसे पोस्टमार्टम के लिए भेजा। गांव के प्रधान के भाई अनिल सिंह के मुताबिक गांव के रहने वाले वासुदेव सिंह (57) के पास कोई बेटा नही था। संतान के रूप में उनकी दो बेटियां है जिनकी शादी हो चुकी है। वासुदेव की पत्नी की भी कुछ साल पहले मौत हो चुकी है। घर पर वह अकेले ही रहते थे। इस मामले में अनिल सिंह ने थाने पर तहरीर दी है। थानाध्यक्ष अशोक कुमार सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों का पता चल सकेगा।