लेखपाल ने करा दिया सरकारी जमीन पर कब्जा
डीएम ने दिए 24 घंटे के भीतर कब्जा हटवाने के निर्देश नहीं तो निलंबन
अमर उजाला ब्यूरो
तरबगंज गोंडा। शासन के निर्देश पर जिला प्रशासन जहां सरकारी जमीनों से अवैध कब्जा हटवाने के लिए अभियान चला रहा है वहीं दूसरी तरफ कब्जा हटवाने की जिम्मेदारी संभाल रहे राजस्वकर्मी ही इन जमीनों पर अपने चहेतों को कब्जा कराने में जुटे हैं। मंगलवार को आयोजित तहसील दिवस में लेखपाल की शह पर सरकारी जमीन कब्जा किए जाने के मामले का खुलासा हुआ है। इस पर नाराजगी जताते हुए जिलाधिकारी ने कब्जा कराने वाले लेखपाल को 24 घंटे के भीतर कब्जा हटवाने का आदेश दिया है। अगर 24 घंटे के भीतर कब्जा न हटने पर लेखपाल को निलंबित करने के आदेश एसडीएम को दिए हैं।
मंगलवार को तरबगंज तहसील में आयोजित जिला स्तरीय तहसील दिवस में देवी पाटन मंडल के कमिश्नर एसवीएस रंगाराव, डीआईजी सुनील कुमार राय, डीएम जेबी सिंह व पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार सिंह ने पहुंचकर फरियादियों की समस्याएं सुनी। तहसील दिवस में कोतवाली देहात के पूरेखाल लोढिया घाटा निवासी नाथूराम ने डीएम को बताया कि हल्का लेखपाल राम विलास ने मिली भगत करके सरकारी जमीन पर गांव के ही कुछ लोगों को अवैध रुप से कब्जा करा दिया है। इसके खिलाफ वह तहसील दिवस से लेकर मुख्यमंत्री जनता दर्शन तक में शिकायत कर चुका है लेकिन काई कार्रवाई नही हुई। इससे नाराज डीएम ने लेखपाल को 24 घंटे के भीतर कब्जा हटवाने के आदेश दिए हैं। कब्जा न हटने की दशा में लेख्सपसल के निलंबन के साथ ही उसकी बर्खास्तगी की कार्रवाई श्ुारू करने के लिए एसडीएम को निर्देशित किया है। नवाबगंज के गोकुला निवासी मुरलीधर ने बताया कि हदबरारी तथा किले बन्दी के बावजूद विपक्षियों की दबंगई के चलते उसे कब्जा नहीं मिल पाया है। डीएम ने एसडीएम तरबगंज को जांच कर कार्यवाही करने के निर्देश दिए हैं। नयपुर निवासी अवनेन्द्र ने सार्वजनिक खलिहान की भूमि पर कब्जे की शिकायत की। डीएम ने पुलिस व राजस्व की संयुक्त टीम बनाकर खलिहान की भूमि को अवैध कब्जे से मुक्त कराने के निर्देश दिए हैं। कमिश्रर ने तहसील दिवस में लंबित शिकायतों की जानकारी ली। इसमें पूरे जिले में 567 शिकायते लंबित पाई गई। इस मौके पर सीएमओ डॉ. आभा आशुतोष, डीएफओ टी रंगाराजू, एसडीएम तरबगंज उमेशचन्द्र उपाध्याय, पीडी वीरपाल, डीसीओ पीएन सिंह, जिला समाज कल्याण अधिकारी अंजनी कुमार वर्मा, जिला जिला विद्यालय निरीक्षक राम खेलावन वर्मा, प्रोबेशन अधिकारी ओंकारनाथ यादव, तहसीलदार तरबगंज एसएन त्रिपाठी, सीओ तरबगंज ब्रम्ह सिंह समेत अन्य मौजूद रहे।
वहीं तरबगंज तहसील दिवस में आए जिलाधिकारी जेबी सिंह व पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार सिंह ने तहसील दिवस के बाद चार दिव्यांगों को दिव्यांगजन कल्याण विभाग के सहयोग से ट्राईसाइकिल का तोहफा दिया। इसके अलावा दो दिव्यांगों को बैशाखी प्रदान की गई।