18 घंटे बिजली को तरसे लोग
फाल्ट से झंझरी बिजलीघर की आपूर्ति रही बाधित
गोंडा। झंझरी बिजलीघर को जाने वाली 33 केवी लाइन में बुधवार रात आए फाल्ट को ठीक करने में बिजलीकर्मियों को 18 घंटे का समय लग गया। इस दौरान झंझरी जाने वाली 33 केवी लाइन से जुड़े तीन बिजलीघरों आवास विकास, झंझरी और बड़गांव की सप्लाई आंशिक तौर पर बाधित रही।
बुधवार रात 11 बजे 220 केवी बिजलीघर से 33 केवी झंझरी बिजलीघर को जाने वाली 33 केवी मेन लाइन का एक खंभा टूट गया था। तीन खंभों के तार सड़क पर आ गए थे। जिससे बस स्टॉप और पूरे अंबेडकर चौराहे की सप्लाई रात में गुल हो गई थी। बिजलीकर्मियों ने आननफानन में बस स्टॉप और अम्बेडकर चौराहे की सप्लाई वैकल्पिक व्यवस्था के तहत रात दो बजे बहाल करवा दी। लेकिन आवास विकास और बड़गांव के बिजलीघरों की ओवरलोडिंग हो जाने से एकमुश्त न तो झंझरी को बिजली मिल पाई, न ही आवास विकास और बड़गांव को। घंटे-घंटे भर की कटौती के साथ सभी इलाकों को बिजली दी गई। गुरुवार शाम पांच बजे झंझरी जाने वाली 33 केवी लाइन का फाल्ट बिजलीकर्मी ठीक कर पाए। तब जाकर सभी बिजलीघरों की आपूर्ति बहाल हुई।
अवर अभियंता सिविल लाइन अनूप श्रीवास्तव ने बताया कि झंझरी 33 केवी लाइन में आए फाल्ट से 18 घंटे झंझरी बिजलीघर की मेन सप्लाई बंद रही, जो अब ठीक हो गई है।