मसकनवा बिजलीघर से निकले बगदर व गौराचौकी फीडर से विद्युत आपूर्ति न होने से रविवार की पूरी रात क्षेत्र के लोगों को अंधेरे में बितानी पड़ी। मसकनवा बिजलीघर से क्षेत्र में होने वाली बिजली की आपूर्ति के लिए पावर कॉर्पोरेशन ने दिन में 12 से सायं चार बजे और रात में 10 से सुबह पांच बजे तक समय निश्चित कर रखा है।
लेकिन रविवार को मसकनवा बिजलीघर से निकले बगदर व गौराचौकी फीडर में आई खराबी से क्षेत्र में रात 10 बजे से विद्युत आपूर्ति नहीं हो सकी। इससे दोनों क्षेत्रों की करीब 70 हजार आबादी को रात अंधेरे में ही गुजारनी पड़ी। उमस भरी गर्मी के चलते लोग रात में ठीक से सो भी नहीं पाए।
क्षेत्र के इस्माइल, मो. जैद, लालू, योगेंद्र यादव, जुबेर, भरतलाल ने रमजान के महीने में बिजली कटौती बंद करने की मांग की है। वहीं, क्षेत्रीय अवर अभियंता आज्ञाराम का कहना है कि बिजली का तार टूट जाने से आपूर्ति में दिक्कत हुई थी, जिसे ठीक करा दिया गया है।