गोंडा। अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से रविवार को शहर के दो केंद्रों में आयोजित अतुल माहेश्वरी छात्रवृत्ति परीक्षा-2025 में देवीपाटन मंडल के चारों जिलों के 686 विद्यार्थियों ने उत्साह व आत्मविश्वास के साथ प्रतिभाग किया। रोजवुड इंटर कॉलेज में दो पालियों मेंं 348 परीक्षार्थी शामिल हुए। वहीं, एम्स इंटर कॉलेज में एक पाली में परीक्षा हुई। इसमें 338 परीक्षार्थियों ने हिस्सा लिया।
पहली पाली की परीक्षा में सुबह 11 बजे प्रश्नपत्र बांटा गया। दोपहर 12:30 बजे परीक्षा संपन्न हुई। दूसरी पाली की परीक्षा अपराह्न दो बजे शुरू होकर 03:30 बजे संपन्न हुई। रोजवुड इंटर कॉलेज की प्रधानाचार्य सरिता तिवारी ने बताया कि पहली पाली में 151 व दूसरी पाली में 197 बच्चों ने परीक्षा दी। परीक्षा केंद्र के 18 कक्षों में सभी व्यवस्थाएं सुरक्षित और पारदर्शी रहीं। हर कमरे में दो-दो कक्ष निरीक्षक तैनात रहे। सीसीटीवी कैमरे से भी निगरानी की गई।
रोजवुड इंटर कॉलेज के प्रबंधक अमित पांडेय ने अमर उजाला की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि अमर उजाला फाउंडेशन की यह परीक्षा हर साल ऐसे विद्यार्थियों को मौका देती है, जो अपनी मेहनत से आगे बढ़ना चाहते हैं और जिनके लिए यह छात्रवृत्ति एक नई राह खोलती है। वहीं, एम्स इंटर कॉलेज के प्रबंधक डॉ. अभय श्रीवास्तव ने बताया कि एक ही पाली में 338 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी। विद्यार्थियों में काफी उत्साह देखने को मिला। अमर उजाला की इस पहल से प्रतिभावान छात्रों को आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा।
विद्यार्थी बोले- खुद को परखने का मौका भी मिला
अतुल माहेश्वरी छात्रवृत्ति परीक्षा देने वाले छात्र-छात्राओं में काफी उत्साह देखने को मिला। रोडवुड इंटर कॉलेज से परीक्षा देकर निकलीं अवंतिका पांडेय ने कहा कि अमर उजाला फाउंडेशन ने हमें अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए सुनहरा मंच दिया है। ऐसे आयोजनों से विद्यार्थियों को प्रोत्साहन मिलता है। हमें डॉक्टर बनकर समाज की सेवा करना है। छात्रा अमीना ने कहा यह परीक्षा न केवल छात्रवृत्ति पाने का अवसर है, बल्कि खुद को परखने का भी मौका देती है। मुझे यहां आकर बहुत अच्छा लगा। जगतपाल सिंह इंटर कॉलेज के छात्र ओमकार राज ने भी परीक्षा दी। उन्होंने कहा कि हमारे जैसे ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों के लिए यह छात्रवृत्ति उम्मीद की किरण है। अगर यह मिलती है तो उच्च शिक्षा का सपना पूरा हो सकेगा। जीआईसी के छात्र समर प्रताप सिंह ने कहा कि अमर उजाला सिर्फ अखबार नहीं, हमारे जैसे छात्र-छात्राओं के भविष्य को दिशा देने वाला संगठन है।
परीक्षा में इनका रहा सहयोग
एम्स इंटर कॉलेज में प्रबंधक डॉ. अभय श्रीवास्तव, प्रधानाचार्य कविता ओझा, विशाल सिंह, अनवया श्रीवास्तव, शिवम गुप्ता, सुरेश यादव, ममता पांडेय, सुमैया खातून, संतोष पांडेय आदि ने परीक्षा संपन्न कराई। रोजवुड इंटर कॉलेज में प्रबंधक अमित पांडेय, प्रधानाचार्य सरिता पांडेय, बृजेश प्रताप पांडेय, अमित पाल, अनामिका वर्मा, फैजा अली, सौरभ मिश्रा, श्वेता तिवारी, दिनेश श्रीवास्तव आदि ने परीक्षा संपन्न कराई।