गोंडा। पीसीएस प्री परीक्षा के लिए जिले में 16 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इन परीक्षा केंद्रों पर प्रत्येक पाली में 6,720 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। परीक्षा 22 दिसंबर को दो पाली में होगी। प्रशासन ने परीक्षा को शुचिता के साथ शांतिपूर्ण ढंग से कराए जाने के लिए राजपत्रित अधिकारियों में से 16 सेक्टर मजिस्ट्रेट और 16 स्टैटिक मजिस्ट्रेट नियुक्त किए हैं।
पीसीएस प्री की परीक्षा में इस बार जिले में 6,720 अभ्यर्थी शामिल होंगे। प्रशासन ने परीक्षा की तैयारी शुरू कर दी है। शासन ने परीक्षा का नोडल अधिकारी जिलाधिकारी को नामित किया है, जबकि पुलिस के नोडल अधिकारी एसपी होंगे। डीएम नेहा शर्मा ने पीसीएस प्री परीक्षा को शुचिता से कराने के लिए अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी है। परीक्षा 22 दिसंबर को सुबह 9:30 से 11:30 बजे और दूसरी पाली में दोपहर 2.30 से 4.30 बजे तक होगी। सुबह की पाली के लिए रिपोर्टिंग समय सुबह 8:00 बजे और दूसरी पाली के लिए दोपहर 1:00 बजे रखा गया है। तय किए गए परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों को दुरुस्त रखने का निर्देश दिया गया है।