गोंडा। जिले में जुलाई माह में होने वाले पौधरोपण अभियान के तहत 62.72 लाख पौधे लगाए जाएंगे। इसकी तैयारियों को लेकर शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन ने अधिकारियों के साथ बैठक कर जरूरी निर्देश दिए।
बैठक में बताया गया कि वन विभाग को 27.96 लाख पौधरोपण की जिम्मेदारी सौंपी गई है, जबकि अन्य विभाग मिलकर 34.96 लाख पौधे लगाएंगे। जिलाधिकारी ने सभी विभागों को शीघ्र स्थल चयन कर विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। साथ ही नर्सरियों को चिह्नित कर पौधों की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
इसके बाद मुख्यमंत्री डैशबोर्ड पर संचालित योजनाओं की समीक्षा बैठक भी आयोजित हुई। इसमें परिवार पहचान पत्र, वृद्धा पेंशन, विधवा पेंशन और कुपोषित बच्चों से जुड़ी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने सभी योजनाओं में शत-प्रतिशत प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में सेतु निर्माण, लेखपाल प्रशिक्षण केंद्र और सिंचाई परियोजनाओं की प्रगति भी परखी गई। अधिकारियों को जनपद की रैंकिंग सुधारने के लिए विशेष प्रयास करने को कहा गया। जिलाधिकारी ने जिला पर्यावरण समिति और जिला गंगा समिति की समीक्षा करते हुए स्वास्थ्य विभाग को अस्पतालों से निकलने वाले जैव चिकित्सा अपशिष्ट का निस्तारण निर्धारित मानकों के अनुरूप कराने के निर्देश दिए। बैठक में सीडीओ दयानंद प्रसाद, डीडीओ सुशील कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।