जिले में 20 दिसंबर को 625 ग्राम पंचायतों के नवनिर्वाचित प्रधानों व सदस्यों को पद व गोपनीयता की शपथ दिलाई जाएगी। सभी नौ ब्लॉकों पर शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन किया जा रहा है। समारोह की सभी तैयारियां पूरी हो गई हैं। एडीओ पंचायतों ने ग्राम प्रधानों व सदस्यों को शपथ ग्रहण करने के लिए आमंत्रण पत्र उपलब्ध करा दिया है।
शपथ ग्रहण के बाद 26 दिसंबर को बैठकों का आयोजन करके इन ग्राम पंचायतों में कैबिनेट का गठन पूरा करके नवनिर्वाचित सदस्यों को कमेटियों की जिम्मेदारी सौंप दी जाएगी।
डीपीआरओ उपेंद्र राज सिंह ने शनिवार को बताया कि डीएम प्रीति शुक्ला के निर्देश पर ग्राम पंचायतों में विकास कार्य कराने के लिए नवनिर्वाचित ग्राम प्रधानों व सदस्यों की कमेटियों के गठन की प्रक्रिया शपथ ग्रहण के बाद 26 दिसंबर को होने वाली खुली बैठक में पूरी कर ली जाएगी।
ग्राम पंचायतों की छह कमेटियों का गठन पूरा होने के बाद विकास कार्य के लिए पंचायत के खातों का संचालन शुरू करा दिया जाएगा।
बैंकों खातों में ग्राम पंचायत सचिवों व नवनिर्वाचित ग्राम प्रधानों के हस्ताक्षर कराकर विकास कार्यों को गति प्रदान कर दी जाएगी।
जिले में दो तिहाई सदस्यों की संख्या का आंकड़ा पूरी करने वाली 625 ग्राम पंचायतों के प्रधानों व सदस्यों को नामित अधिकारी 20 दिसंबर को ब्लॉक मुख्यालयों पर शपथ ग्रहण समारोह के दौरान पद व गोपनीयता की शपथ दिलाएंगे।
एडीओ पंचायत बलरामपुर पवन कुमार श्रीवास्तव, हरैया सतघरवा विनतीराम, तुलसीपुर राजकुमार गौतम, गैसड़ी मकसूदलहक सिद्दीकी, पचपेड़वा राधेश्याम, श्रीदत्तगंज हनुमान प्रसाद वर्मा, उतरौला जलालुद्दीन, रेहारा बाजार फागूराम व गैड़ास बुजुर्ग बाबूराम पांडेय ने बताया कि शपथ ग्रहण समारोह की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
समारोह के दौरान आमंत्रण पत्र देकर बुलाए गए प्रधान व सदस्य पद एवं गोपनीयता की शपथ लेंगे।
बलरामपुर ब्लॉक में 116 के सापेक्ष 89, हरैया सतघरवा में 110 के सापेक्ष 86, तुलसीपुर में 101 के सापेक्ष 88, गैसड़ी में 115 के सापेक्ष 89, पचपेड़वा में 101 के सापेक्ष 81, श्रीदत्तगंज ब्लॉक में 70 के सापेक्ष 34, उतरौला में 65 के सापेक्ष 51, गैड़ास बुजुर्ग में 42 के सापेक्ष 40 और रेहरा बाजार में 81 के सापेक्ष 67 ग्राम पंचायतों के नवनिर्वाचित प्रधान व सदस्यों को शपथ दिलाई जाएगी।
सभी ब्लॉकों में शेष 176 ग्राम पंचायतों में कैबिनेट पूरा न होने के चलते प्रधान व सदस्यों को शपथ नहीं दिलाई जाएगी।