गोंडा। 18 फरवरी से शुरू हो रही यूपी बोर्ड की परीक्षाओं को लेकर माध्यमिक शिक्षा विभाग ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिले में 5.60 लाख उत्तर पुस्तिकाएं पहुंच चुकी हैं, जिनका वितरण बुधवार से शुरू कर दिया गया है। विभाग का लक्ष्य 13 फरवरी तक सभी 151 परीक्षा केंद्रों पर उत्तर पुस्तिकाएं उपलब्ध कराना है।
शहर के पीएम श्री राजकीय इंटर कॉलेज से सभी केंद्रों के लिए उत्तर पुस्तिकाओं का वितरण किया जा रहा है। हाईस्कूल के लिए 2,54,655 ‘ए’ कॉपी और 58,000 ‘बी’ कॉपी प्राप्त हो चुकी हैं। वहीं इंटर के लिए 1,33,000 ‘ए’ कॉपी और 66,838 ‘बी’ कॉपी पहुंच गई हैं।
इसके अलावा कला संकाय की 47,595 उत्तर पुस्तिकाएं भी उपलब्ध कराई गई हैं। डीआईओएस डॉ. रामचंद्र ने बताया कि उत्तर पुस्तिकाओं का वितरण सुव्यवस्थित तरीके से किया जा रहा है और निर्धारित समय सीमा के भीतर सभी केंद्रों तक इन्हें पहुंचा दिया जाएगा, ताकि परीक्षा संचालन में कोई बाधा न आए। उन्होंने कहा कि परीक्षा को नकलविहीन और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने के लिए विभाग पूरी तरह सतर्क है।