विकास खंड के धर्मेई गांव में रिक्त क्षेत्र पंचायत सदस्य पद के लिए चुनाव 21 फरवरी को होगा। इसके साथ ही विकास खंड की 57 ग्राम पंचायतों की 56 ग्राम पंचायत सदस्यों की रिक्त सीटों पर भी वोट डाले जाएंगे। आयोग के निर्देश के बाद चुनाव प्रक्रिया शुरू हो गई है।
मुजेहना की ग्राम पंचायत धर्मेई में बीडीसी चुनाव के दौरान यहां के प्रत्याशी रंगीलाल की मौत हो गई थी। प्रत्याशी की मौत के बाद भी प्रशासन ने यहां का चुनाव करा दिया था, जिसमें मृतक रंगीलाल चुनाव जीत गया था, जिससे यह सीट रिक्त हो गई थी।
मुजेहना के एडीओ पंचायत नानकदेव तिवारी के मुताबिक मुजेहना में 56 ग्राम पंचायत सदस्य के रिक्त पदों समेत धर्मेई गांव में रिक्त क्षेत्र पंचायत सदस्य के पद के लिए चुनाव होना है।
इसके लिए 14 फरवरी को नामांकन व 21 फरवरी को वोट डाले जाएंगे। एडीओ पंचायत ने बताया कि आयोग का निर्देश मिलने के बाद चुनाव की तैयारी शुरू कर दी गई है।
मुजेहना की ग्राम पंचायत बेसहूपुर व त्रिलोकपुर में बीडीसी का चुनाव नहीं कराया जाएगा। यहां के बीडीसी सदस्यों ने बीते दिन जिले के दो माननीय के समर्थन में अपने पद से इस्तीफा दे दिया था, जिससे यहां की सीटें रिक्त हो गयी थीं।
इसके बाद यहां की ब्लॉक प्रमुख की कुर्सी पर कब्जा जमाने को लेकर सत्ता पक्ष के दो नेता आमने-सामने आ गए थे। लेकिन यहां का चुनाव रुक जाने के चलते यहां की कुर्सी को लेकर चल रही रस्साकसी पर फिलहाल ब्रेक लग गया है।