चीनी मिल में नौकरी दिलाने का झांसा देकर एक लाख हड़पे
गोंडा। मैजापुर चीनी मिल में स्थायी नौकरी दिलाने का झांसा देकर एक लाख रुपये ये हड़पने का मामला प्रकाश में आया है। सीओ करनैलगंज के आदेश पर शुक्रवार को थाना कटरा बाजार में चीनी मिल के कर्मचारी संघ के अध्यक्ष और प्रधान लिपिक के खिलाफ जालसाजी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
कटरा बाजार थाना क्षेत्र के भदैया गांव के मजरे समदरिया पुरवा निवासी ओम प्रकाश तिवारी ने शुक्रवार की देर रात सीओ करनैलगंज जेएस राव के आदेेश पर थाना कटरा बाजार में दर्ज कराई रिपोर्ट में कहा कि वह मैजापुर चीनी मिल में सीजनल डेलीबेसिस के रूप में काम करता है।
ओम प्रकाश का आरोप है कि मैजापुर चीनी मिल में स्थायी बड़े बाबू के पद पर कार्ययत व कर्मचारी संघ के अध्यक्ष प्रदीप चंद ने मैजापुर चीनी मिल में स्थायी नौकरी दिलाने के नाम पर करीब एक वर्ष पूर्व उससे एक लाख रुपये लिए थे और सीजन समाप्त होने पर स्थायी नौकरी लगवा ने का आश्वासन दिया था।
ओमप्रकाश का आरोप है कि सीजन समाप्त होने पर भी जब उसे नौकरी नहीं मिली तो उसने प्रधान लिपिक से अपने पैसे वापस मांगे। प्रधान लिपिक ने रुपए वापस करने में टाल मटोल करते रहे।
ओमप्रकाश का आरोप है कि अब प्रधान लिपिक पैसे वापस मांगने उससे अभद्रता करता है और जानमाल धमकी दे रहा है। प्रभारी निरीक्षक बृजेश सिंह ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।
उधर मैजापुर चीनी मिल के कर्मचारी संघ के अध्यक्ष प्रदीप चंद का कहना है कि उन्होंने किसी से रुपए नहीं लिए हैं। उनके खिलाफ राजनीतिक साजिश की जा रही है। उन पर लगाए गए आरोप निराधार हैं।