शव की अफवाह से घंटों परेशान रही पुलिस
डायल 100 पर दी गई सूचना निकली झूठी
मोतीगंज (गोंडा)। डायल 100 व मोतीगंज पुलिस ने शुक्रवार को एक शव की सूचना पर साढ़े चार घंटे तक सैदवापुर गांव का चप्पा-चप्पा खोजा। गांव की परिधि में आने वाले एक किलोमीटर एरिया की कांबिंग की। लेकिन न तो सूचना देने वाला युवक पुलिस के हत्थे चढ़ा, न ही महिला की लाश ही मिली। इसके बाद जब सूचना देने वाले युवक के मोबाइल नम्बर की लोकेशन ट्रेस की गई तो पता चला कि वह मुंबई का है।
शुक्रवार को डायल 100 पर बबलू नाम के एक युवक का मोबाइल नंबर 9167715127 से फोन आया कि मोतीगंज थाना क्षेत्र के सैदवापुर गांव मे एक महिला का शव पड़ा है। फोन कटते ही डायल 100 व मोतीगंज थाने की पुलिस हरकत में आ गई और तत्काल सैदवापुर गांव पहुंचकर पूरे गांव में लाश की खोजबीन में जुट गई। थानाध्यक्ष मोतीगंज मुकेश सिंह के साथ थाने की पुलिस व डायल 100 के लोगों ने न पूरे गांव का चप्पा-चप्पा खोजा। लेकिन कहीं भी पुलिस को न तो महिला की लाश मिली न ही बबलू नाम का युवक ही मिला। थानाध्यक्ष मुकेश सिंह के मुताबिक मोबाइल नंबर को सर्विलांस पर लगाकर जांच की जा रही है।