नवाबगंज। आबकारी विभाग और पुलिस की टीम ने दुर्गागंज माझा क्षेत्र में ड्रोन कैमरे के माध्यम से कार्रवाई करते हुए करीब 500 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद की। करीब 2000 क्विंटल लहन नष्ट कराई। टीम ने भट्ठी और उपकरण भी ध्वस्त कर दिए। पुलिस ने तीन नामजद समेत छह लोगों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत रिपोर्ट दर्ज की है।
आबकारी निरीक्षक प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि मंगलवार को मुखबिर से सूचना मिली कि दुर्गागंज माझा में कुछ लोग बड़े पैमाने पर कच्ची शराब बना रहे हैं। सूचना मिलते ही नवाबगंज थानाध्यक्ष अभय सिंह के नेतृत्व में पुलिस और आबकारी विभाग की टीम ने छापा मारा।
टीम के पहुंचते ही शराब बना रहे लोग भाग निकले। यहां से टीम को झाड़ियों में छिपाकर रखी गई करीब 500 लीटर अवैध कच्ची शराब मिली। शराब के नमूने सुरक्षित कर शेष शराब को सील कर दिया गया। थानाध्यक्ष ने बताया कि रोहित, जैतपुर मांझा निवासी कल्लू व दुर्गागंज माझा निवासी हट्टी व तीन अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। (संवाद)