देवीपाटन प्राथमिक विद्यालय द्वितीय के 50 से अधिक बच्चे बुखार की चपेट में हैं। बच्चों के स्वास्थ्य को लेकर चिंतित अभिभावकों ने सीएमओ व बीएसए से जांच और इलाज कराने की मांग की है। तमाम अभिभावकों ने तो बच्चों को स्कूल भेजना बंद कर दिया है।
देवीपाटन के प्राथमिक विद्यालय द्वितीय में पढ़ने वाले बच्चों के अभिभावक अवधेश, संजय, अनिल, प्रकाश, राजकुमार आदि ने बुधवार को सीएमओ को मामले की जानकारी दी। बताया कि प्राथमिक विद्यालय देवीपाटन द्वितीय में पढ़ रहे 50 से अधिक बच्चे बुखार से पीड़ित हैं।
स्थानीय डॉक्टरों से इलाज कराने के बावजूद बच्चों का बुखार नहीं कम हो रहा है। कई बच्चे तो एक सप्ताह से बुखार से पीड़ित हैं। अभिभावकों तथा विद्यालय के शिक्षकों का आरोप है कि बच्चों के स्वास्थ्य परीक्षण के लिए सीएचसी तुलसीपुर में सूचना दी गई थी।
इसके बावजूद कोई भी डॉक्टर बच्चों की जांच के लिए स्कूल नहीं पहुंचा है। अभिभावकों ने बताया कि शुभम, पिंकी, आशीष, गोरखनाथ, अभय गौतम, विकास, अरुण, संजय, सत्यम आदि छात्रों का इलाज कराया जा रहा है। बच्चों के बुखार की चपेट में आने से घबराए स्वस्थ बच्चों ने भी स्कूल जाना बंद कर दिया है।
ऐसे में इन दिनों चंद बच्चे ही स्कूल आ रहे हैं। अभिभावकों ने सीएमओ व बीएसए से स्कूल में स्वास्थ्य टीम भेजकर बच्चों की जांच व इलाज कराने की मांग की है। प्रधानाध्यापिका चित्रलेखा ने बताया कि सीएचसी तुलसीपुर में बच्चों के बुखार से पीड़ित होने की सूचना दी है लेकिन अभी तक स्कूल में स्वास्थ्य टीम नहीं पहुंची है।
शीघ्र पहुंचेगी टीम
अभिभावकों से बच्चों के बुखार की चपेट में आने की सूचना मिली है। स्कूल के बच्चों की जांच व इलाज के लिए स्वास्थ्य टीम भेजी जाएगी। सभी बच्चों का समुचित इलाज कराया जाएगा। सीएचसी से अब तक स्वास्थ्य टीम क्यों नहीं स्कूल पहुंची, इसको लेकर अधीक्षक से जवाब तलब करेंगे। -डॉ. आशुतोष गुप्ता, सीएमओ बलरामपुर
शीघ्र कराई जाएगी जांच
प्राथमिक विद्यालय देवीपाटन द्वितीय में 50 से अधिक बच्चों के बुखार से पीड़ित होने की सूचना मिली है। शीघ्र ही बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण कराया जाएगा। बच्चों के इलाज में किसी भी तरह की लापरवाही नहीं की जाएगी। -रमेश यादव, बीएसए बलरामपुर