जयप्रकाश नारायण सर्वोदय विद्यालय में परीक्षा का निरीक्षण करते जिला समाज कल्याण अधिकारी एसपी सि
गोंडा। मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना के तहत शनिवार को जेल रोड स्थित जय प्रकाश नारायण सर्वोदय विद्यालय में प्रवेश परीक्षा का आयोजन किया गया। परीक्षा को लेकर युवाओं में उत्साह रहा। इस योजना के तहत सिविल सेवा समेत विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी नि:शुल्क कराई जाती है। इसमें कुल 490 परीक्षार्थियों ने हिस्सा लिया। जिला समाज कल्याण अधिकारी सत्य प्रकाश सिंह ने बताया कि परीक्षा का परिणाम 30 जून को घोषित किया जाएगा।
बताया कि यूपीएससी, यूपीपीएससी, एसएससी, यूपीएसएसएसएससी परीक्षा की तैयारी के लिए सरकार ने नि:शुल्क कोचिंग की व्यवस्था की है। इसके लिए अभ्यर्थियों से आवेदन मांगे गए थे। कुल 631 युवाओं ने आवेदन किया था। शनिवार को हुई परीक्षा में 490 अभ्यर्थियों ने हिस्सा लिया। जबकि 141 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल नहीं हुए। यूपीएससी व यूपीपीएससी की तैयारी करने के लिए 117 एवं एसएससी, यूपीएसएसएससी के लिए 373 छात्रों ने प्रतिभाग किया। राजकीय आश्रम पद्धति विद्यालय के प्रधानाचार्य सर्वेश कुमार एवं कोर्स कोर्डिनेटर रूपेश पांडेय की निगरानी में परीक्षा संपन्न कराई गई।
कोर्स कोआर्डिनेटर ने बताया गया कि प्रवेश परीक्षा के लिए प्रश्न पत्र में 100 प्रश्न पूछे गए थे। इसमें सामान्य ज्ञान, हिंदी, गणित व तर्कशक्ति के प्रश्नों को शामिल किया गया। प्रवेश परीक्षा का परिणाम 30 जून को जारी किया जाएगा। एक जुलाई से कक्षाएं शुरू कराई जाएंगी।