परसपुर स्थित महाकवि तुलसीदास महाविद्यालय में आयोजित रोजगार मेले में पंजीकरण कराते युवा।
गोंडा। जिले के परसपुर ब्लॉक स्थित महाकवि तुलसीदास महाविद्यालय में बुधवार को रोजगार मेला आयोजित किया गया। क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय की ओर से आयोजित मेले में सुबह साढ़े 10 बजे से दोपहर दो बजे तक 670 युवक व युवतियों ने साक्षात्कार के लिए पंजीकरण कराया। साक्षात्कार के लिए पहुंचीं हर्बल कंपनियों के प्रतिनिधियों ने 481 युवाओं का चयन किया। इन्हें प्रति माह 12500 से 21500 रुपये तक वेतन मिलेगा।
सहायक जिला सेवायोजन अधिकारी गुलाब मौर्य ने बताया कि रोजगार मेले में ब्राइट फ्यूचर ऑर्गेनिक कंपनी, स्टार ग्रुप ऑफ कंपनी, निमासन हर्बल इंडिया प्राइवेट लिमिटेड, बोसा मैनेजमेंट मार्केटिंग लिमिटेड व प्रथम फाउंडेशन समेत कुल पांच कंपनियों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। युवाओं का चयन मार्केटिंग व सेल्समैन समेत अन्य पदों पर हुआ है। महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. बीना सिंह ने रोजगार मेले का शुभारंभ किया। इस मौके पर मुख्य नियंता डॉ. सीमा तिवारी, फैज खान व अन्य मौजूद रहे।
रोजगार मेले में दिखा युवाओं का उत्साह
पसका प्रतिनिधि के अनुसार, रोजगार मेले में सुबह से ही बेरोजगारों की भीड़ पहुंचने लगी थी। इस दौरान कंपनियों के प्रतिनिधियों ने शर्तों व अन्य जरूरी बातों की जानकारी दी। मेले में हाईस्कूल, इंटरमीडिएट, स्नातक, परास्नातक समेत अलग-अलग पढ़ाई कर चुके युवाओं ने साक्षात्कार दिया। प्रतिभागी अंशु सिंह, राजवीर सिंह, आदर्श शुक्ला, विकास पांडेय, पवन लोधी आदि युवाओं ने रोजगार का अवसर पाकर खुशी का इजहार किया है।