क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय में आयोजित रोजगार मेले में मौजूद लोग। - संवाद
गोंडा। देवीपाटन मंडल के क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय में बुधवार को आयोजित रोजगार मेले में उच्च शिक्षित युवाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। मेले में एमएससी और एमकॉम तक शिक्षित अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कराया। कुल 76 अभ्यर्थियों ने साक्षात्कार दिया, जिनमें से 48 का चयन किया गया।
चयनित अभ्यर्थियों को गोंडा, अयोध्या और लखनऊ में फील्ड जॉब का ऑफर दिया गया है। देवीपाटन मंडल के सहायक निदेशक राजीव कुमार ने बताया कि रोजगार मेले में प्रथमा और ठाकुर पब्लिकेशन कंपनी के प्रतिनिधियों ने प्रतिभाग किया। रोजगार संगम पोर्टल पर पंजीकृत युवक व युवतियों को साक्षात्कार में शामिल होने का अवसर मिला। उन्होंने बताया कि प्रथमा कंपनी की ओर से प्रशिक्षण के साथ आठ से नौ हजार रुपये प्रतिमाह मानदेय देने की बात कही गई, जबकि ठाकुर पब्लिकेशन की ओर से चयनित अभ्यर्थियों को 15,500 रुपये मासिक वेतन का प्रस्ताव दिया गया। सहायक निदेशक ने कहा कि रोजगार मेला पूरी तरह निशुल्क है। यदि कोई व्यक्ति नौकरी या प्रशिक्षण के नाम पर धन की मांग करता है तो इसकी सूचना तत्काल सेवायोजन कार्यालय को दें। संबंधित के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।