शहीदे आजम सरदार भगत सिंह इंटर कॉलेज में परीक्षा देकर बाहर निकलते अभ्यर्थी। - संवाद
गोंडा। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग की ओर से आयोजित एलटी ग्रेड सहायक अध्यापक भर्ती परीक्षा शनिवार को जिले के 12 केंद्रों पर कड़ी निगरानी के बीच शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। परीक्षा दो पालियों में कराई गई। 7,042 पंजीकृत अभ्यर्थियों में से 4,677 ने परीक्षा दी, जबकि 2,365 ने परीक्षा छोड़ दी।
पहली पाली की परीक्षा सुबह नौ बजे से 11 बजे तक हुई। इसमें पंजीकृत 5,088 अभ्यर्थियों में से 3,423 ने परीक्षा दी। 1,665 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। दूसरी पाली की परीक्षा दोपहर एक बजे से तीन बजे तक पांच केंद्रों पर आयोजित की गई। इसमें 1,954 पंजीकृत अभ्यर्थियों के सापेक्ष 1,254 ने परीक्षा दी। 700 अभ्यर्थी गैरहाजिर रहे। परीक्षा की पारदर्शिता बनाए रखने के लिए सभी केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे, स्टेटिक मजिस्ट्रेट व पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की गई थी। जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. रामचंद्र सहित अन्य अधिकारियों ने निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
इतिहास व राजनीति विज्ञान का पेपर रहा चुनौतीपूर्ण
शहीदे आजम सरदार भगत सिंह इंटर कॉलेज से पहली पाली की परीक्षा देकर निकले अभ्यर्थियों ने प्रश्नपत्र को औसत स्तर का बताया। कई परीक्षार्थियों के अनुसार इतिहास से जुड़े कुछ प्रश्न अपेक्षाकृत कठिन थे। बलरामपुर से आईं सुधा ने बताया कि उनके मुख्य विषय अर्थशास्त्र और राजनीति विज्ञान थे। राजनीति विज्ञान के प्रश्न कुछ चुनौतीपूर्ण लगे। कम समय में तैयारी के बावजूद परीक्षा संतोषजनक रही। वहीं, आजमगढ़ के अरविंद ने बताया कि उनका विषय इतिहास और भूगोल था। इतिहास के कुछ प्रश्न कठिन लगे, लेकिन कुल मिलाकर परीक्षा ठीक रही।