चुनाव ड्यूटी से नदारद 46 मतदान कार्मिकों पर तत्काल केस दर्ज कराने का निर्देश दिया गया है। लापरवाही बरतने वाले इन सभी मतदान कार्मिकों के खिलाफ लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम के तहत एफआईआर दर्ज कराई जाएगी। उतरौला, रेहरा बाजार व गैड़ास बुजुर्ग ब्लॉकों के आरओ को तत्काल एफआईआर दर्ज कराने का निर्देश दिया गया है। संबंधित विभागों के विभागाध्यक्षों को तत्काल वेतन रोकने का भी निर्देश दिया गया है।
प्रभारी मतदान अधिकारी कार्मिक व सीडीओ अखंड प्रताप सिंह ने बताया कि मंगलवार को उतरौला, गैड़ास बुजुर्ग व रेहरा बाजार ब्लॉक में नौ दिसंबर को चौथे चरण का चुनाव कराने के लिए पोलिंग पार्टियों को रवाना कर दिया गया है।
तीनों ब्लॉकों की पोलिंग पार्टियां को वाहनों से मतदेय स्थलों पर पहुंचाया गया है।
पोलिंग पार्टियों की रवानगी के दौरान उतरौला ब्लॉक में 12, गैड़ास बुजुर्ग ब्लाक में 24 और रेहरा बाजार ब्लॉक में 10 पीठसीन, प्रथम, द्वितीय व तृतीय मतदान कार्मिक बिना सूचना के गायब रहे। इन सभी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई जाएगी।