गोंडा। मंगलवार को जिलाधिकारी डॉ. नितिन बंसल की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में रानी लक्ष्मीबाई सम्मान कोष योजना के लंबित प्रकरणों के संबंध में समीक्षा बैठक आयोजित हुई। इसमें जिलाधिकारी ने लंबित 44 प्रकरणों को शीघ्र निस्तारित करने के निर्देश दिए। बैठक में वर्तमान 18 प्रकरणों में से 08 प्रकरणों पर समिति द्वारा निर्णय लिया गया।
समीक्षा बैठक में ज्ञात हुआ कि सरकार द्वारा दहेज हत्या व यौन शोषण आदि पीड़ितों के कल्याणार्थ संचालित रानी लक्ष्मीबाई सम्मान कोष योजना के तहत पहले से 26 प्रकरण न्यायालय में विचाराधीन हैं, तथा वर्तमान में 18 प्रकरणों पर समिति के स्तर से निर्णय होेना है, परंतु प्रकरणों में योजनांतर्गत नोडल चिकित्साधिकारी द्वारा समय से रिपोर्ट न दिये जाने के कारण प्रकरण लंबित हैं। इस पर जिलाधिकारी ने नोडल चिकित्साधिकारी डॉ. सुवर्णा को कड़ी फटकार लगाते हुए कार्रवाई की चेतावनी दी।
उन्होंने सीएमओ को निर्देशित किया कि मेडिकल रिपोर्ट दिलाकर लंबित प्रकरणों को तत्काल निस्तारित कराएं। जिलाधिकारी ने निर्देश दिये कि शीघ्र ही पीड़ितों को योजनांतर्गत अनुमन्य सहायता राशि उपलब्ध करा दी जाय। बैठक में सीएमओ डॉ. मधु गैरोला, सिटी मजिस्ट्रेट वंदना त्रिवेदी, सीओ सिटी लक्ष्मीकांत गौतम, प्रशिक्षु एसडीएम शत्रुघ्न पाठक, प्रशिक्षु सीओ आशीष शर्मा, जिला प्रोबेशन अधिकारी जयदीप सिंह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।