गोंडा। जिले में आगामी 27 महीने के भीतर 4.35 लाख बिजली के मीटर स्मार्ट किए जाएंगे। देवीपाटन मुख्य अभियंता कार्यालय के बाद बिजली घरों के फीडर पर स्मार्ट मीटर किए जा रहे हैं। जेलरोड, बालपुर और वजीरगंज समेत अलग-अलग बिजली घरों पर 25 फीडरों पर स्मार्ट मीटर लगाए गए हैं। वहीं सिंचाई विभाग में स्मार्ट मीटर लगाने के समय कार्यदायी संस्था की टीम को विरोध करना पड़ा है। ऐसे में कार्यदायी संस्था की ओर से अधीक्षण अभियंता से गुहार लगाई गई है।
पिछले दिनों कार्यदायी संस्था पोलारिस स्मार्ट मीटरिंग प्राइवेट लिमिटेड की ओर से देवीपाटन मंडल मुख्य अभियंता कार्यालय में स्मार्ट मीटर लगाया गया। ऐसे में सरकारी कार्यालय और बिजली घरों में फीडर की मानिटरिंग के लिए स्मार्ट मीटर लगाने की कवायद तेज हो गई है। जेल रोड, बालपुर और वजीरगंज समेत अलग-अलग फीडर पर स्मार्ट मीटर लगाए गए हैं। कार्यदायी संस्था के इंजीनियरों ने बताया कि सिंचाई विभाग कार्यालय में स्मार्ट मीटर लगाने के दौरान विरोध किया गया। अधीक्षण अभियंता को जानकारी दी गई है।
गोंडा सर्किल अधीक्षण अभियंता भविष्य कुमार सक्सेना का कहना है कि उच्चाधिकारियों को अवगत कराया गया। जल्द ही स्मार्ट मीटरिंग का काम तेज हो जाएगा। गोंडा सर्किल अधीक्षण अभियंता भविष्य कुमार सक्सेना ने बताया कि जिले के शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों में स्मार्ट मीटर लगाए जाएंगे। कार्यदायी संस्था को 27 महीने का समय दिया गया। ऐसे में कुल 4.35 लाख उपभोक्ताओं के विद्युत मीटर स्मार्ट किए जाएंगे। अधिकारियों का कहना है कि स्मार्ट मीटर लगाने से बिजली चोरी रोकने के साथ ही राजस्व बढ़ाने में मदद मिलेगी।