गोंडा। नगर कोतवाली क्षेत्र में जालसाजों ने एक होटल मैनेजर के खाते से हजारों रुपये उड़ा दिये। जालसाज ने खुद को सेना का अधिकारी बताकर मिठाई का ऑर्डर दिया था। पेमेंट के लिए क्यूआर कोड मांगा फिर ठगी कर ली। पीड़ित मैनेजर ने नगर कोतवाली में तहरीर दी है।
नगर के कैलाशपुरी कॉलोनी निवासी अशोक कुमार सिंह ने कोतवाली में तहरीर दी है। कहा कि वह एक होटल में मैनेजर हैं। रात में उनके होटल के मोबाइल नंबर पर फोन करके जालसाज ने अपने आपको सेना का अधिकारी बताते हुए 18 किलो मिठाई का ऑर्डर देते हुए पैकिंग करने की बात कही। कॉल करने वाले ने कहा कि उसका एक जवान होटल पर पहुंचेगा, उसे ही मिठाई देना है।
होटल के मैनेजर अशोक सिंह से भुगतान करने के लिए क्यूआर कोड मांगा। इस पर मैनेजर ने दो मोबाइल नंबरों पर क्यूआर कोड भेज दिया। साइबर ठग ने अपना दूसरा क्यूआर कोड भेजा। इस कोड पर मैनेजर ने क्लिक किया। क्लिक करते ही मैनेजर के खाते से पहले 11340 रुपये, फिर 5000 हजार रुपये और तीसरी बार में 21 हजार रुपये उड़ा दिया। तीन बार में 37 हजार 341 रुपये साइबर ठग ने उड़ा दिया।