पंचायत चुनाव के तृतीय चरण में मनकापुर तहसील क्षेत्र के 4.65 लाख 263 मतदाता सात दिसंबर को अपने गांव की सरकार चुनेंगे। मनकापुर, छपिया व बभनजोत ब्लॉक क्षेत्रों में ग्राम प्रधान व पंचायत सदस्यों का चुनाव कराने के लिए रविवार को 696 पोलिंग पार्टियां रवाना की गईं। मनकापुर, छपिया व बभनजोत ब्लॉक में 696 बूथों पर सात दिसंबर को सुबह से सात से शाम 4.30 बजे तक मतदान होगा। जिला प्रशासन ने शांतिपूर्ण मतदान कराने के लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं।
पंचायत चुनाव में तृतीय चरण का जिले के विकास खंड मनकापुर, छपिया व बभनजोत में ग्राम प्रधान पद के 224 व पंचायत सदस्य पद के 2742 पदों के लिए चुनाव होना है।
इस क्षेत्र में मतदान के लिए कुल 696 मतदान बूथ बनाए गए हैं। यहां बूथों पर सात दिसंबर को सुबह सात से 4.30 बजे तक वोट डाले जाएंगे। सोमवार को तीनों ब्लॉकों के 4,65,263 मतदाता अपने गांव की सरकार चुनेंगे।
इसके लिए रविवार को मनकापुर ब्लॉक क्षेत्र के लिए डीपी इंटर कॉलेज मनकापुर, छपिया ब्लॉक के लिए प्रेमघन इंटर कॉलेज व बभनजोत ब्लॉक के लिए दशरथ सिंह स्मारक महाविद्यालय नेपनिया से पोलिंग पार्टियां रवाना हुईं।
जिला अधिकारी अजय कुमार उपाध्याय व पुलिस कप्तान प्रदीप कुमार यादव ने रविवार को पोलिंग पार्टियाें की रवानगी का जायजा लेने के साथ मतदान स्थलों की तैयारियां देखीं। दोनों अफसरों ने मतदान के दिन बूथ पर कड़ी निगरानी के लिए मातहतों को निर्देश दिया।
फैक्ट फाइल
* जोनल मजिस्ट्रेट- 06
* सेक्टर मजिस्ट्रेट- 64
* कलस्टर मोबाइल- 40
* सिपाही - 700
* पीएसी- तीन कंपनी
* दरोगा - 80
* इंस्पेक्टर - 11
तीसरे चरण के ब्लॉकवार वोटरों की संख्या
ब्लॉक वोटर
मनकापुर 163419
छपिया 143573
बभनजोत 158271
कुल - 465263