गोंडा के छपिया क्षेत्र के नरायनपुर गांव में आयोजित प्रतियोगिता में दौड़ लगाते खिलाड़ी।
- फोटो : अमर उजाला
गुड बाय न्याय पंचायत... अब ब्लॉक स्तरीय प्रतियोगिता में मुलाकात होगी। गुरुवार को कुछ इसी अंदाज में खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता के दूसरे चरण को अलविदा कहा। प्रगति अभियान के तहत आयोजित खेलकूद प्रतियोगिता के दूसरे चरण के तीसरे और अंतिम दिन पूरा जिला खेलों के इस महाकुंभ में डूबा रहा।
तीसरे दिन टीम स्पर्धा के खिलाड़ियों ने कबड्डी व वालीबॉल की प्रतियोगिता में अपने जौहर दिखाए। इस प्रतियोगिता में जीत हासिल करने वाले खिलाड़ियों ने जहां आसमान की उंचाइयों को छुआ वहीं हारने वाली टीमों का हौसला भी कुछ कम नहीं रहा और इन टीमों के खिलाड़ी भी हौसले से लबरेज रहे।
विजयी टीमों को ग्राम प्रधान व खंड शिक्षा अधिकारियों ने पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया और दूसरे स्थान पर रही टीमों के खिलाड़ियों को भविष्य में अच्छा करने के लिए प्रेरित किया।
प्रगति अभियान के तहत आयोजित की गई खेल प्रतियोगिता को देखने के लिए ग्रामीणों का हुजूम उमड़ पड़ा। फाइनल का दिन होने के कारण खिलाड़ियों में भी जबरदस्त उत्साह देखने को मिला।
प्रतियोगिता के दूसरे चरण के तीसरे और अंतिम दिन 166 न्याय पंचायतों में जोनल प्रभारी व सेक्टर प्रभारी की देखरेख में वालीबाल व कबड्डी की प्रतियोगिताएं कराई गई। अंतिम दिन इन खेलों गुरुवार को खेल के अंतिम दिन वालीबॉल व कबड्डी प्रतियोगिता में 3255 टीमों के 39060 खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
खिलाड़ियों ने जहां कबड्डी के मैच में अपना दमखम दिखाते हुए जोर आजमाइश की वहीं वालीबॉल में भी जीत के आसमान को छुआ। बेटियां भी पीछे नहीं रही और दोनों ही खेलों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
प्रतियोगिता के विजेता टीम के खिलाड़ियों को खंड शिक्षा अधिकारियों व ग्राम प्रधानों ने पुरस्कृत किया। प्रतियोगिता के दूसरे चरण में सफल होने वाले खिलाड़ी ब्लॉक स्तर पर आयोजित होने वाली तीसरे चरण की प्रतियोगिता में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।