एम्स इंटर कॉलेज में आयोजित शिक्षा समागम में मौजूद शिक्षक व अन्य। स्रोत: आयोजक
गोंडा। जिले में उच्च शिक्षा के क्षेत्र में बड़ा बदलाव आने जा रहा है। मां पाटेश्वरी विश्वविद्यालय अब नए शैक्षिक सत्र से 38 विषयों की पढ़ाई शुरू करने जा रहा है, जिससे यह संस्थान जल्द ही एक प्रमुख एजुकेशन हब के रूप में उभरेगा।
शहर के एम्स इंटर कॉलेज में सोमवार को आयोजित शिक्षा समागम एवं शिक्षक सम्मान समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. रविशंकर सिंह ने देवीपाटन मंडल के विभिन्न स्कूलों के प्रधानाचार्यों और शिक्षकों को सम्मानित किया। कुलपति ने बताया कि वर्तमान में विश्वविद्यालय में 15 से 20 विषय संचालित हैं, लेकिन आगामी सत्र से इसे बढ़ाकर 38 किया जाएगा। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय में इंटरनेशनल लैंग्वेज, विभिन्न राज्यों की स्थानीय भाषाएं, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) और अन्य नवाचार आधारित कोर्स शुरू किए जाएंगे, जिससे विद्यार्थियों को आधुनिक और रोजगारपरक शिक्षा मिल सके।
उन्होंने विद्यार्थियों से अपील की कि वे मां पाटेश्वरी विश्वविद्यालय से संबद्ध महाविद्यालयों में प्रवेश लेकर बेहतर भविष्य की ओर कदम बढ़ाएं। डॉ. अभय श्रीवास्तव ने कहा कि इस पहल से न केवल जिले में उच्च शिक्षा के अवसर बढ़ेंगे, बल्कि जिले को एक शैक्षिक केंद्र के रूप में नई पहचान भी मिलेगी। कार्यक्रम में डॉ. अरविंद शर्मा, डॉ. रेखा शर्मा, रीतेश अग्रवाल, गीता त्रिपाठी, एसके सिंह, डॉ. शेर बहादुर सिंह, एके सिंह, अविनाश सिंह, अजय पाठक आदि मौजूद रहे।