गोंडा। अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से रविवार को अतुल माहेश्वरी छात्रवृत्ति परीक्षा का आयोजन शहर के रोजवुड इंटर कॉलेज में किया गया। सुबह निर्धारित समय पर परीक्षा शुरू हुई। परीक्षा में भाग लेने वाले छात्र-छात्राओं में भारी उत्साह दिखा। परीक्षा के लिए मंडल के 470 छात्रों ने पंजीकरण कराया था। जिसमें 318 ने परीक्षा में भाग लेकर भविष्य के सपनों को साकार करने की बात कही। वहीं, 152 छात्र अनुपस्थित रहे।
सुबह नौ बजे से ही शहर के बस स्टाॅप व रेलवे स्टेशन पर परीक्षार्थियों व उनके अभिभावकों की भीड़ दिखी। टेंपो, ई-रिक्शा व निजी साधनों से छात्र परीक्षा केंद्र तक पहुंचे। रोजवुड इंटर कॉलेज के प्रबंधक अमित पांडेय व प्रधानाचार्य सरिता पांडेय ने पूर्व निर्धारित सीटिंग प्लान के अनुसार परीक्षार्थियों को बैठाने की व्यवस्था कराई। परीक्षा शुरू होने के दस मिनट पहले सभी छात्र-छात्राएं अपनी सीट पर बैठ गए। परीक्षा सुबह 11 बजे से शुरू हुई तथा 12.30 बजे ओएमआर सीट जमा की गई।
शिक्षक व अभिभावकों ने की की सराहना
परीक्षा देने आए छात्रों के अभिभावक व रोजवुड इंटर कॉलेज के शिक्षकों ने अमर उजाला के अतुल माहेश्वरी छात्रवृत्ति परीक्षा की सराहना की। प्रबंधक अमित पांडेय ने कहा कि आर्थिक रूप से कमजोर छात्रों के लिए यह परीक्षा बहुत उपयोगी है। प्रधानाचार्य सरिता पांडेय ने कहा कि छात्रों को आगे पढ़ाई जारी रखते हुए कॅरियर बनाने में छात्रवृत्ति बड़ी सहयोगी होगी। परीक्षा में शिक्षक बृजेश प्रताप पांडेय, नेहा त्रिपाठी, श्वेता, शालिनी श्रीवास्तव, निहारिका पांडेय, नीलू सिंह, अंबर शुक्ल, बृजेश तिवारी, अनामिका वर्मा, आकाश ने कक्ष निरीक्षक के रूप में सहयोग किया।
एमबीबीएस बनने में सहयोगी होगी छात्रवृत्ति
एमबीबीएस की परीक्षा पास कर डॉक्टर बनने का सपना देख रहा है। यदि अतुल माहेश्वरी छात्रवृत्ति मिली तो आगे की पढ़ाई व नीट की तैयारी में मदद मिलेगी। सामान्य ज्ञान व तर्कशक्ति के सवाल अच्छे थे। गणित में थोड़ा समय लगा। यहां का अनुभव नीट की परीक्षा में काम आएगा।
अनुभव शुक्ल, कक्षा -12
प्रतियोगी परीक्षाओं में मिलेगा लाभ
प्रश्नपत्र बहुत अच्छा था, प्रश्नपत्र हिंदी में होने के कारण अंग्रेजी माध्यम के छात्रों को थोड़ी दिक्कत जरूर हुई। तर्कशक्ति, सामान्य ज्ञान व गणित के प्रश्न बहुत अच्छे थे। इस परीक्षा में बैठने के कारण आगे प्रतियोगी परीक्षाओं में लाभ मिलेगा।
काजल शर्मा, कक्षा-12
प्रश्नपत्र अच्छा था, मिलेगी सफलता
पेपर बहुत ही अच्छा था। लगभग क्लास में पढ़ने वाले विषय से संबंधित सवाल पूछे गए थे। इस परीक्षा में अच्छा रैंक लेकर आउंगी। भविष्य में डॉक्टर बनकर समाज की सेवा करूंगी।
एंजल श्रीवास्तव, कक्षा- 11
इंजीनियर बनने का है सपना
परीक्षा में आए प्रश्न सरल थे। इंजीनियर बनने का सपना है। कड़ी मेहनत करके अपने सपने को साकार करेंगे। अमर उजाला की परीक्षा छात्रों को अपना भविष्य संवारने में बेहतर अवसर प्रदान कर रही है।
अभय प्रताप वर्मा, कक्षा- 11
शिक्षक बनकर पूरा करना चाहती सपना
पढ़ाई पूरी करने के बाद शिक्षिका बनना चाहती हूं। मैं अमर उजाला की सफलता मैगजीन हमेशा पढ़ती हूं। इसमें समसामयिक घटनाओं सहित तमाम तरह की प्रतियोगिता के प्रश्न और उत्तर मिलते हैं। जो आगे की तैयारी के लिए बहुत महत्वपूर्ण हैं।
गौरी, कक्षा- 10
सेना में जाकर देश की करुंगा सेवा
मेरा सपना भारतीय सेना में जाकर देश की सेवा करना है। इसके लिए तैयारी कर रहा हूं। विद्यार्थियों को आगे बढ़ाने के लिए अमर उजाला का प्रयास सराहनीय है। इस परीक्षा में खुद को परखने का भी मौका मिला है।
अमित जायसवाल, कक्षा- 10
विज्ञान व गणित के सवाल रहे आसान
अतुल माहेश्वरी छात्रवृत्ति परीक्षा में विज्ञान व गणित के सवाल आसान तो रीजनिंग ने उलझाया। परीक्षा प्रश्नपत्र समय से हल हो गया। बड़े होकर आईपीएस बनना है। इसके लिए तैयारी हो रही है।
रजनी पांडेय, कक्षा - 09
शब्द युग्म के सवाल थे आसान
परीक्षा के सवाल कठिन थे, अंग्रेजी के सवालों ने ज्यादा परेशान किया। शब्द युग्म से जुड़े सवाल हल करने में मजा आया। बड़े होकर डॉक्टर बनने की इच्छा है।
रविंद्र गोस्वामी, कक्षा - 09
परीक्षा में शामिल कक्षावार छात्र-छात्राएं
कक्षा- पंजीकृत छात्र- परीक्षा में उपस्थित
09 -92 - 59
10 - 84 - 65
11 -209 - 137
12 - 85 - 57