जिले की तीनों तहसीलों में मंगलवार को आयोजित तहसील दिवस में 303 फरियादी पहुंचे। इनमें से 17 मामलों का मौके पर निस्तारण हो गया। उतरौला में जिला स्तरीय तहसील दिवस की अध्यक्षता प्रभारी डीएम/सीडीओ रवीश गुप्ता ने की। अन्य दो तहसीलों में भी एसडीएम की अध्यक्षता में तहसील दिवस का आयोजन किया गया।
जिला स्तरीय तहसील दिवस की अध्यक्षता करते हुए प्रभारी डीएम ने कहा कि सभी जिला स्तरीय अधिकारी तहसील दिवस के प्रार्थनापत्रों का निस्तारण प्राथमिकता के आधार पर कराएं। तहसील दिवसों के प्रार्थनापत्रों के निस्तारण की नियमित समीक्षा शासन स्तर से की जा रही है।
तहसील दिवस में आने वाले प्रार्थनापत्रों के निस्तारण में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जिला स्तरीय तहसील दिवस में 193 मामले सुनवाई के लिए प्रस्तुत किए गए। प्रभारी डीएम ने छह मामलों का मौके पर ही निस्तारण कराया। शेष 187 मामलों को निस्तारण के लिए संबंधित विभाग के अफसरों को इस निर्देश के साथ सौंपा गया कि सभी मामलों को एक सप्ताह के अंदर हर हाल में निस्तारित कराएं।
जिला स्तरीय तहसील दिवस में एसपी राजीव मल्होत्रा, सीएमओ डॉ. आशुतोष गुप्ता, एसडीएम रामकेर सिंह यादव सहित सभी जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे। बलरामपुर तहसील में एसडीएम इंद्र भूषण वर्मा ने तहसील दिवस की अध्यक्षता करते हुए 65 में से आठ मामलों का निस्तारण कराया।
शेष मामलों के निस्तारण के लिए तहसील स्तरीय अधिकारियों को निर्देश दिया गया। तुलसीपुर में एसडीएम सुभाष कुमार त्रिपाठी ने तहसील दिवस की अध्यक्षता करते हुए 45 मामलों में से दो का मौके पर ही निस्तारण कराते हुए शेष 43 मामलों को एक सप्ताह में निस्तारित कराने का निर्देश संबंधित विभाग के अधिकारियों को दिया।