गोंडा। कोरोना संक्रमण को खत्म करने के लिए टीकाकरण का दूसरा चरण आज से शुरू होगा। शुक्रवार को टीकाकरण अभियान के पहले दिन जिले के 12 स्थानों पर 2700 स्वास्थ्य कर्मियों का टीकाकरण होगा। अभियान के लिए स्वास्थ्य विभाग समेत जिला प्रशासन ने भी तैयारी पूरी कर ली है। वैक्सीन की सुरक्षा के लिए सभी कोल्ड चेन पॉइंट पर सुरक्षा कर्मियों की तैनाती की गई है। वहीं महिला अस्पताल समेत सात सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर वैक्सीन पहुंचा दी गयी है। टीकाकरण केंद्रों के लिए नोडल अधिकारी भी नामित कर दिए गए हैं।
यहां इतने वारियर्स का होगा टीकाकरण
जिला अस्पताल में 200, महिला अस्पताल में 100, अर्बन पीएचसी में 100, एससीपीएम मेडिकल में 600, एससीपीएम हॉस्पिटल में 200, आरएन पांडेय हॉस्पिटल में 200, सीएचसी करनैलगंज में 200, सीएचसी नबाबगंज में 200, सीएचसी हलधरमऊ में 200, सीएचसी मनकापुर में 300, सीएचसी बेलसर में 200 तथा सीएचसी तरबगंज में 200 कोरोना वारियर्स का टीकाकरण किया जाएगा।
जिला कोल्ड चेन स्टोर को मिले 13 आइएलआर
कोरोना वैक्सीन को सुरक्षित रखने के लिए जिला कोल्ड चेन सेंटर को 13 आइएलआर (आइस लाइंड रेफ्रिजरेटर) मिले हैं। जिला अस्पताल के बगल एएनएम ट्रेनिंग सेंटर में बने वैक्सीन स्टोर में यह आइएलआर रखे गए हैं। इसमें दो आइएलआर पहले पहुंचा दिए गए थे बाकी 11 गुरुवार की सुबह भेजे गए हैं। जिला वैक्सीन स्टोर प्रभारी पंकज तिवारी ने बताया कि आइएलआर में दो से लेकर आठ डिग्री सेंटीग्रेड तापमान में वैक्सीन रखने की व्यवस्था की गई है। एक आइएलआर की क्षमता 225 लीटर है। जरूरत के अनुसार टीकाकरण केंद्रों पर वैक्सीन भेजी जाती है।
टीका लगवाने के लिए स्वास्थ्यकर्मियों में उत्सुकता
16 जनवरी को जिले के 413 स्वास्थ्य कर्मियों को टीका लगने के बाद अन्य स्वास्थ्य कर्मियों व आम लोगों के मन से टीकाकरण के प्रति डर खत्म होकर उत्सुकता बढ़ी है। गोंडा मेडिकल सेंटर की संचालिका डॉ अनीता मिश्रा ने कहा कि टीका लगवाने के लिए वो पूरी तरह से तैयार हैं। टीका लगवाने के बाद वह स्वयं सुरक्षित होकर दूसरों की सेवा के लिए तैयार होंगी।
कोविड अस्पताल की कर्मचारी सरिता तिवारी ने कहा कि कोरोना वैक्सीन देश में ही निर्मित है। वैक्सीन का कोई दुष्प्रभाव नहीं देखने को मिला। टीका लगवाने के लिए वह तैयार हैं। हरिओम सिंह ने कहा कि मार्च से लेकर अब तक संक्रमण के बीच रहकर लोगों की सेवा करती रहीं। मन में हमेशा डर बना रहता था। टीका लगने से हमें संक्रमण से सुरक्षा मिलेगी। जल्द ही सभी देशवासियों का टीकाकरण होने से संक्रमण का समापन होगा।