बेटियां दो घरों का चिराग होती हैं और वह एक नहीं दो घरों का भविष्य संवारती हैं, इसलिए उनका शिक्षित होना बहुत ही आवश्यक है। बेटियों की उच्च शिक्षा, बेहतर भविष्य व प्रत्येक क्षेत्र में भागीदारी बढ़ाने के लिए प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने मेधावी छात्राओं को कन्या विद्याधन का तोहफा दिया है। यह विचार प्रदेश के कैबिनेट मंत्री विनोद कुमार सिंह उर्फ पंडित सिंह ने मंगलवार को जीजीआईसी में 263 छात्राओं को कन्या विद्याधन का चेक प्रदान करने के बाद व्यक्त किए।
इससे पूर्व कृषि मंत्री पंडित सिंह व जिलाधिकारी आशुतोष निरंजन ने जीजीआईसी सभागार में दीप प्रज्जवलित कर एवं मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
मंत्री पंडित सिंह ने कहा कि प्रदेश सरकार समाज के हर तबके के लोगों के विकास के लिए संकल्पित है। डीएम ने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री द्वारा मेधावी छात्राओं की बेहतर व उच्च शिक्षा के लिए कन्या विद्याधन जैसी महत्वाकांक्षी योजना का संचालन किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि जनपद गोंडा में शिक्षा सत्र 2014-15 के लिए कन्या विद्याधन का लक्ष्य 1363 था, जिसमें से 1100 छात्राओं को पहले ही कन्या विद्याधन दिया जा चुका है।
शेष 263 छात्राओं को मंगलवार को कन्या विद्याधन योजना के तहत 30-30 हजार रुपये का चेक प्रदान किया गया। विधायक नंदिता शुक्ला ने कहा कि युवा मुख्यमंत्री की विकासपरक सोच व सर्वधर्म समभाव की भावना से आज पूरा प्रदेश विकास के पथ पर अग्रसर है। इस मौके पर सूरज सिंह, डीआईओएस वीके दूबे, जीआईसी के प्रधानाचार्य राम सिंह, शहीदे आजम सरदार भगत सिंह इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य एसएन चतुर्वेदी आदि मौजूद रहे।